DPRO Una

DPRO Una Contact information, map and directions, contact form, opening hours, services, ratings, photos, videos and announcements from DPRO Una, Government Organization, una, Una.

जनगणना-2026 के सफल आयोजन में निभाएं अपनी सक्रिय भूमिका : उपायुक्तसटीक आंकड़ों से मजबूत होगा विकास का आधार, स्व-गणना सुवि...
03/06/2026

जनगणना-2026 के सफल आयोजन में निभाएं अपनी सक्रिय भूमिका : उपायुक्त

सटीक आंकड़ों से मजबूत होगा विकास का आधार, स्व-गणना सुविधा का भी उठाएं लाभ

ऊना, 3 जून। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिला के सभी नागरिकों से जनगणना-2026 के प्रथम चरण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी राज्य और देश के समग्र एवं संतुलित विकास की आधारशिला होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा आधारभूत सुविधाओं के प्रभावी विस्तार और क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2026 के प्रथम चरण का आयोजन 16 जून से 15 जुलाई तक किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसके तहत 1 से 15 जून तक नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पोर्टल पर जानकारी सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे घर-घर सर्वेक्षण के दौरान आने वाले प्रगणक को उपलब्ध करवाना होगा।

उपायुक्त ने बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचकर मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से परिवार, आवास, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित अधिसूचित जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल जनगणना संबंधी उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में घरों, परिवारों और उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाएंगे। ये आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास सहित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं को अधिक प्रभावी, समावेशी और जनोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना कार्य को सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय ऊना में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार से कर दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया, डिजिटल उपकरणों के उपयोग तथा आंकड़ों के सटीक संकलन संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने स्वयं भी स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेते हुए नागरिकों को इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास के भविष्य को दिशा देने वाला राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने सभी जिलावासियों से आग्रह किया कि वे स्व-गणना सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें तथा जनगणना अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। जब जनगणना अधिकारी आपके घर आएं, तो उन्हें सही, पूर्ण और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं का प्रभावी निर्माण किया जा सके और विकसित हिमाचल के संकल्प को साकार किया जा सके।

-०-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित बनाने को लेकर आयुष विभाग की बैठक आयोजितअम्ब, 3 जून। अंतर्राष्ट्र...
03/06/2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित बनाने को लेकर आयुष विभाग की बैठक आयोजित

अम्ब, 3 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई)-2026 के सफल, प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित आयोजन को सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से उपमंडल आयुष विभाग अम्ब द्वारा आयुष स्वास्थ्य केंद्र भंजाल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अलावा आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी, अम्ब डॉ. राजेश शर्मा ने की।

बैठक में उपमंडल अम्ब एवं गगरेट के समस्त आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में योग के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन-जागरूकता गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत स्तर के संस्थानों तथा सामुदायिक स्थलों पर प्री-आईडीवाई गतिविधियों और योग वाई-ब्रेक सत्रों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों से अवगत करवाया जा सके।

इस दौरान 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं तथा निर्देश दिए गए कि योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंडलों, युवा संगठनों तथा आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सशक्त माध्यम है। योग का नियमित अभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जन-जन का उत्सव बनाते हुए इसे एक जन-आंदोलन के रूप में मनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आयुष संस्थानों में संचालित पंचकर्म सेवाओं, औषधीय (हर्बल) उद्यानों के संरक्षण एवं विकास तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत विभागीय सहभागिता एवं रोगी रेफरल गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी ने सभी आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचकर्म सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाया जाए, औषधीय उद्यानों का नियमित रखरखाव एवं संवर्धन सुनिश्चित किया जाए तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते हुए क्षय रोगियों की पहचान, परामर्श और रेफरल गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
-०-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

03/06/2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष ग्राम सभा बैठकें

पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी को सशक्त बनाने पर रहेगा विशेष फोकस

ऊना, 3 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला ऊना की सभी ग्राम पंचायतों में 5 जून को विशेष ग्राम सभा बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आवश्यक आदेश जारी किए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि इन विशेष बैठकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। ग्राम सभाओं में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा जिम्मेदार सामाजिक व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया जाएगा।

बैठकों के दौरान ठोस एवं प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन में परिवारों, स्थानीय संस्थाओं तथा समुदाय की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही कचरे के पृथक्करण (वेस्ट सेग्रीगेशन), एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी, जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने तथा स्थानीय स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।

ग्राम सभाओं में गांवों, सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), स्वच्छाग्रहियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, युवा एवं महिला मंडलों तथा अन्य स्थानीय हितधारकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर जनभागीदारी आधारित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियानों को गति देने पर भी विचार किया जाएगा।

उपायुक्त जतिन लाल ने जिला के सभी ग्रामीण नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इन विशेष ग्राम सभा बैठकों में बढ़-चढ़कर भाग लें और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित एवं सतत विकास के सामूहिक प्रयासों को सफल बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल ग्रामों का निर्माण तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इस जन अभियान का हिस्सा बने।

-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

03/06/2026
कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक : सरकारी योजनाओं ने बदली मनजीत कौर के परिवार की तस्वीरकामगार कल्याण बोर्ड के सहयोग से मुख...
02/06/2026

कच्चे मकान से पक्के आशियाने तक : सरकारी योजनाओं ने बदली मनजीत कौर के परिवार की तस्वीर

कामगार कल्याण बोर्ड के सहयोग से मुख्यमंत्री एकल नारी आवास योजना में पूरा हो रहा पक्के घर का सपना

ऊना, 2 जून. बरसात की रातों में कच्चे मकान की टपकती छत के नीचे बच्चों की सुरक्षा की चिंता में कई रातें जागकर बिताने वाली मनजीत कौर के जीवन में अब उम्मीद की नई सुबह आई है। वर्षों से संजोया गया पक्के घर का सपना अब साकार होने की राह पर है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री एकल आवास योजना के तहत मिली सहायता ने विकास खंड हरोली की ग्राम पंचायत सलोह की 48 वर्षीय मनजीत कौर को अपने परिवार के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक आशियाना बनाने का संबल दिया है। आर्थिक तंगी के कारण जो सपना कभी दूर नजर आता था, वह आज धीरे-धीरे हकीकत में बदल रहा है।
मनजीत कौर बताती हैं कि करीब आठ वर्ष पूर्व पति के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। दो बेटों की परवरिश, उनकी पढ़ाई और घर-गृहस्थी चलाने का संघर्ष उनके जीवन का हिस्सा बन गया। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने मनरेगा और दिहाड़ी मजदूरी के सहारे परिवार का पालन-पोषण किया।
मनजीत कौर बताती हैं कि लंबे समय तक उनका परिवार एक कच्चे मकान में रहा, जहां विशेषकर बरसात के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार बारिश की रातें चिंता और बेचैनी में गुजरती थीं। ऐसे में पक्का घर बनाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे अपने दम पर मकान का निर्माण कर पातीं।
उन्होंने बताया कि मनरेगा में कार्य करने के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि 90 दिन या उससे अधिक कार्य करने वाले श्रमिक हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण करवाने के पात्र होते हैं। वे मनरेगा के तहत 90 दिनों से अधिक कार्य कर चुकी थीं, इसलिए उन्होंने बोर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया। पंजीकरण के बाद उन्हें बोर्ड के माध्यम से मुख्यमंत्री एकल नारी आवास योजना के तहत सहायता स्वीकृत हुई, जिससे उनके पक्के घर के निर्माण का सपना साकार हो रहा है।
मकान निर्माण के लिए उन्हें अब तक एक लाख रुपये की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है। वर्तमान में मकान का लेंटर डालने का कार्य प्रगति पर है। निर्माण के अगले चरण में उन्हें एक लाख रुपये की दूसरी किस्त प्रदान की जाएगी, जबकि मकान पूर्ण होने पर 50-50 हजार रुपये की दो अतिरिक्त किस्तें भी जारी की जाएंगी। इस प्रकार चरणबद्ध रूप से मिल रही वित्तीय सहायता उनके घर के निर्माण कार्य को निरंतर गति दे रही है।
मनजीत कौर कहती हैं कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके जैसे जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद दी है। उनका कहना है कि जिस पक्के घर की कल्पना कभी दूर-दूर तक संभव नहीं लगती थी, आज उसका निर्माण उनकी आंखों के सामने हो रहा है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
वहीं, जिला श्रम कल्याण अधिकारी अमन शर्मा ने बताया कि जिला ऊना में अब तक 1,166 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 6.26 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह सहायता शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सुरक्षा, विवाह सहायता तथा आवास निर्माण जैसी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई है।

सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध प्रयास

हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर का कहना है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में बोर्ड श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पंजीकरण, नवीनीकरण तथा जागरूकता संबंधी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इस बात को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार श्रमिक वर्ग को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास कर रही है। बोर्ड की योजनाएं आर्थिक सहायता के साथ-साथ श्रमिक परिवारों के लिए गरिमापूर्ण जीवन और उज्ज्वल भविष्य का आधार बन रही हैं।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद प्रदान कर रही हैं।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

आपदा प्रबंधन के लिए विभागीय तालमेल अत्यंत आवश्यक : डीसी जतिन लाल15 जून को प्रदेशव्यापी मेगा मॉक ड्रिल के तहत ऊना में परख...
02/06/2026

आपदा प्रबंधन के लिए विभागीय तालमेल अत्यंत आवश्यक : डीसी जतिन लाल

15 जून को प्रदेशव्यापी मेगा मॉक ड्रिल के तहत ऊना में परखी जाएगी आपदा से निपटने की क्षमता

ऊना, 2 जून. उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष जतिन लाल ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया के साथ सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 15 जून को प्रदेशभर में राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में ऊना जिले में भी भूकंप, बदल फटने और वनाग्नि जैसे विभिन्न परिकल्पित आपदा परिदृश्यों के आधार पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा आपसी समन्वय की प्रभावशीलता का आकलन करना है।
उपायुक्त ने सोमवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस में एनआईसी, ऊना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने मेगा मॉक ड्रिल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा तैयारियों की समीक्षा की।
बाद में, उपायुक्त ने बताया कि मेगा मॉक ड्रिल से पूर्व 12 जून को टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों तथा आपदा प्रतिक्रिया तंत्र की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसी दौरान जिले में मॉक ड्रिल के लिए चयनित स्थलों एवं परिकल्पित आपदा परिदृश्यों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेगा मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपसी समन्वय का व्यावहारिक परीक्षण करना है, ताकि किसी वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि यह अभ्यास जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा आम नागरिकों की आपदा से निपटने की क्षमता का आकलन करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपदा प्रबंधन तंत्र की प्रभावशीलता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विभिन्न उपमंडलों में होंगे अलग-अलग परिकल्पित आपदा परिदृश्य
उपायुक्त ने बताया कि 15 जून को आयोजित होने वाली मॉक ड्रिल के दौरान जिले के सभी उपमंडलों में एक-एक स्थल पर अलग-अलग परिकल्पित आपदा परिदृश्यों के आधार पर राहत एवं बचाव गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इन स्थलों तथा परिदृश्यों का अंतिम चयन 12 जून को आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान किया जाएगा। मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों की उपलब्धता, आपसी समन्वय तथा जिला आपदा प्रबंधन योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से मॉक ड्रिल के दौरान सहयोग करने तथा आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हर विभाग निभाएगा निर्धारित भूमिका
जतिन लाल ने बताया कि राज्य स्तरीय इस अभ्यास में सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। जिला आपदा प्रबंधन योजना के अनुरूप प्रत्येक विभाग को निर्धारित जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनका निर्वहन मॉक ड्रिल के दौरान किया जाएगा। वहीं, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक पूरे अभ्यास की निगरानी करेंगे।
बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, डीएसपी अजय ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una District Disaster Management Authority, UNA

01/06/2026

ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजी गगरेट के लिए साक्षात्कार 4 व 5 को
ऊना, 1 जून। ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड यूनिट - 1 और 4 राम नगर(गगरेट) के लिए पुरुष वर्ग में 50 पदों के लिए अप्रेंटिसेज की आवश्यकता है। साक्षात्कार 4 जून को सुबह 10.30 जिला रोजगार कार्यालय ऊना और 5 जून को उप रोजगार कार्यालय अंब में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, आइटीआई एवं डिप्लोमा होना अनिवार्य है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, 12वीं पास के लिए 12,750 रूपये, आइटीआई पास के लिए 13,250 रुपये तथा डिप्लोमा धारक के लिए 14,250 रूपये प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा।
अक्षय शर्मा ने बताया कि योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, बायोडाटा व मूल प्रमाणों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 98166-47956 और 98057-70044 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

01/06/2026

7 जून को ऊना-अघर-मंडी रोड़ पर तीन घंटे रहेगा यातायात प्रतिबंधित
ऊना, 1 जून। जिला ऊना के उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत ऊना-अघर-मंडी सड़क मार्ग 7 जून को किलोमीटर 27/000 से 27/200, नजदीक पेट्रोल पंप बंगाणा, पर वाहनों की आवाजाही सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस संबंध में उपायुक्त ऊना एवं जिला दंडाधिकारी जतिन लाल द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 116 के तहत आवश्यक आदेश जारी किए गए हैं।
इस अवधि के दौरान सड़क किनारे पेड़ों की कटाई का कार्य किया जाएगा। उपायुक्त ने जनसुरक्षा तथा कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद करने को लेकर जनता को सूचित करने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए अग्रिम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

01/06/2026

ऊना जिला के 17 जिला परिषद वार्डों के नतीजे
ऊना, 1 जून। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला ऊना के सभी 17 जिला परिषद वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना, जतिन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को देर रात तक चली मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिसके उपरांत सभी 17 जिला परिषद वार्डों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए।
उपमंडल अंब के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड मुबारिकपुर - 1 से पवनजीत सिंह ने 3,475 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 9,225 जबकि उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी संजीव कुमार को 5,750 मत पड़े। कुठेड़ा खैरला - 2 से अरूण लता ने 4,300 वोटों की भारी अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 11,778 जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी हरजिन्द्र कौर को 7,478 मत मिले। ठठल-3 से सरबन सिंह 5,479 भारी मतों से विजयी रहे। उन्हें 12,670 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी अर्जुन सिंह को 7,191 मत मिले।
वहीं, उपमंडल बंगाणा के जिला परिषद वार्ड सोहारी - 4 से योगराज ने 1,547 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 7,793 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विशाल सिंह को 6,246 मत पड़े। लठियाणी - 5 से अनीता देवी 1,941 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 8,092 और उनकी नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सीमा कुमारी को 6,151 मत मिले। धनेत - 6 से चंचल वाला 398 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 6,588 और उनकी प्रतिद्वंद्वी वीना देवी को 6,190 मत पड़े।
इसी तरह उपमंडल ऊना के तहत जिला परिषद वार्ड टक्का - 7 से सुमित कुमार शर्मा 956 मतों से विजयी रहे। उन्हें 5,431 और उनके प्रतिद्वंद्वी शोभित गौतम को 4,475 मत पडे़। चताड़ा - 8 से अनु ठाकुर ने 3,495 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 8,164 जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी दीक्षा सैनी को 4,669 वोट मिले। देहलां अप्पर - 9 से अविनाश कुमार 1,633 वोटों से विजयी रहे। उन्हें 5,797 और उनके प्रतिद्वंद्वी राम बहादुर पौंजला को 4,164 मत पड़े। रायपुर सहोड़ां - 10 से बिन्दु शर्मा 1,567 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 10,110 और उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रियंका शर्मा को 8,543 मत पड़े।
उपमंडल हरोली के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड बाथू-11 से ज्योती वाला ने 693 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 7,475 तथा उनकी प्रतिद्वंद्वी संयोगिता रानी को 6,782 मत मिले। दुलैहड़ - 12 से सुलिंदरपाल कौर ने 814 मतों से विजयी दर्ज की। उन्हें 9,328 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी हेमलता को 8,514 मत पड़े। हरोली - 13 से केवल सिंह 821 वोटों से विजयी हुए। उन्हें 6,009 जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 5,188 वोट मिले। पंजावर - 14 से इंदु वाला 2500 वोटों से विजयी रहीं। उन्हें 10,891 और उनके प्रतिद्वंद्वी अनु वाला 8,391 मत मिले।
इसके अलावा उपमंडल गगरेट के तहत जिला परिषद वार्ड अम्बोटा - 15 से पवन कुमार 448 मतों से विजयी रहें। उन्हें 7,114 जबकि उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सुरिन्द्र सिंह कंवर को 6,666 वोट पड़े, चलेट - 16 से आरती देवी 3,816 वोटों से जीती। उन्हें 8,825 तथा 5,009 मत मिले। भंजाल लोअर - 17 से गुरमुख सिंह 2,722 मतों से विजयी रहे। उन्हें 10,714 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी 7,992 मत पड़े।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

29/05/2026

जिला ऊना में तीसरे चरण के लिए 81 पंचायतों में होगा चुनाव

ऊना, 29 मई। ऊना जिले में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे व अंतिम चरण के तहत 30 मई को सभी उपमंडलों की 81 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। इनमें विकास खंड अम्ब की 19, बंगाणा की 15, गगरेट की 13, ऊना की 18 तथा हरोली की 16 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने चुनावी प्रक्रिया के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए वेबकास्टिंग व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में 36 पंचायतों की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी।

बता दें, 30 मई को उपमंडल अंब के तहत ज्वाल, भटेड़, छपरोह, धर्मशाला महंता, मंधोली, सपौरी, हम्बोली, नंदपुर, सारड़ा, बदाऊं, सेरी, कोहाडछन्न, ज्वार, शिवपुर, जबेहड़, अंदौरा अप्पर, दियाड़ा, कटौहड़ कलां और ठठल में मतदान होंगे।

वहीं, बंगाणा में ग्राम पंचायत खरयालता, डीहर, चंगर, चुल्हड़ी, चमियाड़ी, चौली, छपरोह कलां, टकोली, थहड़ा, धनेत, पलाहटा, बल्ह, बल्ह खालसा, बुढवार और सिहाणा में मतदान होंगे।

इसी तरह उपमंडल गगरेट में अम्लैहड़, अम्बोआ, मरबाड़ी, पिरथीपुर, सलोह बैरी, मवा सिंधियां, कुठेडा जसवालां, बडोह, कुनेरन, घनारी, भद्रकाली, चलेट और अम्बोटा पंचायतों में मतदान करवाए जाएंगे।

उपमंडल ऊना में रायपुर सहोडा, चताड़ा, पनोह, अजोली, टब्बा, चडतगढ़, लम्लेहड़ी, बटूही, त्यूड़ी, चलोला, समूरकलां, झम्बर, छतरपुर, खानपुर, बीनेवाल, सासन, उदयपुर और नंगल सलांगड़ी पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा।

इसके अलावा हरोली उपमंडल में ग्राम पंचायत नगनोली, भैणी खड्ड, पंडोगा निचला, घालुवाल, लोअर बढ़ेड़ा, सैंसोवाल, रोड़ा, भदौड़ी, पालकवाह, चंदपुर, बट्टकलां, बाथड़ी, भडियारां, छेत्रां, पोलियां बीत और जखेवाल में पंचायत चुनाव करवाए जाएंगे।

पहचान प्रमाण पत्र लाना रहेगा अनिवार्य
उपायुक्त ने बताया कि मतदान वाले दिन मतदाताओं को अपनी पहचान के लिए वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है तो निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 17 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें पासपोर्ट, ड्राईविंग लाईसेंस, आयकर पहचान पत्र, राज्यध्केन्द्र सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, किसान पासबुक अथवा बैंक डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, राशन कार्ड, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, छात्र पहचान पत्र, सम्पत्ति संबंधी कागजात जैसे पट्टा, पंजीबद्ध अभिलेख, शस्त्र लाईसेंस, परिवहन अधिकारी द्वारा जारी कंडक्टर लाईसेंस, पेंशन अभिलेख, जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन बुक अथवा पीपीओ, भूतपूर्व सैनिक की विधवा अथवा आश्रित को जारी प्रमाण पत्र, रेलवे या बस पास, अक्षम प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं।
-0-
Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una

Address

Una
Una
174303

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DPRO Una posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to DPRO Una:

Share