04/10/2025
नमामि गंगे योजना : सुल्तानपुर में मेले का आकर्षण बना जल संरक्षण मॉडल
सुल्तानपुर। नमामि गंगे योजना के अंतर्गत शहर के रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जल संरक्षण का संदेश देने वाला आकर्षक मॉडल लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना। इस कार्यक्रम का आयोजन यूनीक फाउंडेशन सुल्तानपुर एवं जिला गंगा समिति सुल्तानपुर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। संस्था की ओर से लगाए गए स्टॉल में बैनर, पोस्टर और मॉडल के माध्यम से जल को बचाने का महत्व सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने मेले में आए बच्चों से लेकर अभिभावकों तक सभी को प्रभावित किया।
यूनीक फाउंडेशन की अध्यक्ष अनुपमा द्विवेदी ने बताया कि यह मॉडल समाज के हर वर्ग को संदेश देने का प्रयास है। उनका कहना था कि अक्सर पढ़े-लिखे लोग भी जल संरक्षण को नज़रअंदाज़ कर देते हैं, वहीं उचित शिक्षा न पाने वाले छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को भी जागरूक करने की आवश्यकता है। यही कारण है कि मॉडल को इस प्रकार तैयार किया गया है कि देखने वाला व्यक्ति सहज ही जल की महत्ता को समझ सके और प्रेरित हो।
इस अवसर पर फाउंडेशन की टीम के सदस्य – गर्वित गुप्ता, विमल श्रीवास्तव, विकास अग्रहरि, पारुल श्रीवास्तव, रीता सुनील और मानसी अग्रहरि की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मॉडल की खूब सराहना की और इसे बच्चों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने का एक अनूठा प्रयास बताया।
जिला गंगा समिति से अमित सिंह (प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी, वन विभाग सुल्तानपुर), अंजनी कुमार श्रीवास्तव (उप प्रभागीय वन अधिकारी, सुल्तानपुर) तथा जिला परियोजना अधिकारी अभिनन्दन प्रताप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजनकर्ताओं की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी जरूरत है और इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित होंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर संकल्प लिया कि वे जल का दुरुपयोग नहीं करेंगे और अपने-अपने स्तर पर जल बचाने की दिशा में प्रयासरत रहेंगे।
इस प्रकार, नमामि गंगे योजना के तहत सुल्तानपुर में आयोजित यह आयोजन न केवल मेले का आकर्षण बना, बल्कि लोगों को जल संरक्षण की दिशा में गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित भी किया।