30/04/2026
सोलन शहर में शिक्षा और ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है।
रबौण NATC कोऑपरेटिव सोसाइटी सोलन लिमिटेड द्वारा कोटलानाला में “ज्ञान सेतु रीडिंग रूम” का शुभारंभ किया गया है, जो विद्यार्थियों, पाठकों और समाज के सभी वर्गों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेगा।
इस पहल को जोगिंद्रा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक और केनरा बैंक का भी सहयोग प्राप्त है। इनके सहयोग से यह सामाजिक कार्य और अधिक प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
रीडिंग रूम की शुरुआत का मुख्य उद्देश्य समाज में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करना और विद्यार्थियों को एक शांत, अनुशासित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी व्यवधान के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
रीडिंग रूम में विद्यार्थियों और पाठकों के लिए विभिन्न प्रकार की अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। यहां दैनिक समाचार पत्र, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकें, साहित्य, प्रेरणादायक उपन्यास और महान व्यक्तित्वों की जीवनियां निःशुल्क पढ़ने के लिए उपलब्ध हैं।
इस पहल की एक विशेषता यह भी है कि इसमें समाज के वरिष्ठ नागरिकों को भी शामिल किया गया है। उनके लिए रीडिंग रूम में विशेष बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे भी पुस्तकों के माध्यम से अपना समय ज्ञानवर्धन और सकारात्मक गतिविधियों में व्यतीत कर सकें।
विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए हर शनिवार शाम 5 बजे से 6 बजे तक “डिस्कशन ऑवर” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हर सप्ताह एक नए विषय पर चर्चा की जाएगी।
रीडिंग रूम में आने वाले सभी पाठकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां CCTV कैमरों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि वातावरण सुरक्षित और अनुशासित बना रहे।
यह रीडिंग रूम द्वितीय तल, व्यास कॉम्प्लेक्स, कोटलानाला, सोलन में स्थित है। इसका समय सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जबकि रविवार को यह बंद रहेगा।
संस्था ने विद्यार्थियों और समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पढ़ने की संस्कृति को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।