04/09/2026
सीतापुर जनपद के मछरेहटा एवं संदना थाना क्षेत्र के दो गांवों में एक सियार द्वारा छह लोगों पर हमला किया गया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार सभी को पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PEP/ARV) एवं RIG की निर्धारित खुराक दी गई।
वन विभाग द्वारा तत्काल संबंधित रेंज स्टाफ एवं रेस्क्यू टीम को सक्रिय करते हुए प्रभावित क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई तथा सर्च एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। घायलों के साथ विभागीय कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है, ताकि निर्धारित एंटी-रेबीज उपचार समय से पूरा कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीतापुर को घायलों की समुचित चिकित्सकीय निगरानी एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के लिए भी अनुरोध किया गया है।
उक्त सियार को बाद में पकड़ लिया गया, जिसकी तत्पश्चात मृत्यु हो गई। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।