09/10/2026
*“सेवा संकल्प अभियान” के तहत 13 दिव्यांगजनों को प्रदान किए गए सहायक उपकरण*
*“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग*
सिंगरौली, 08 अक्टूबर 2026।
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, सिंगरौली द्वारा संचालित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC), सिंगरौली, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन सशक्तिकरण विभाग के संबद्धता में “सेवा संकल्प अभियान” अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक भवन, बैढ़न में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती राधा सिंह राज्य मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, देवेश पांडे अध्यक्ष नगर पालिक निगम, अर्चना सिंह जिला पंचायत उपाध्यक्ष, सुंदरलाल शाह भाजपा जिला अध्यक्ष, गिरीश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 13 लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इनमें 04 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 05 व्हीलचेयर, 01 टीएलएम किट एवं 03 श्रवण यंत्र शामिल हैं।*
सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता, गतिशीलता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में उपसंचालक रेखा पांचाल सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी सिंगरौली की ओर से एस.डी. सिंह चेयरमैन इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, डॉ. ओ.पी. राय सचिव, प्रबंध समिति सदस्य डॉ आर डी द्विवेदी, संजय प्रताप सिंह, ओ.पी.एन. सिन्हा, सुरेश गिरी, जितेंद्र सिंह, राजा राम केशरी, अभिलाष जैन, विवेक कुमार त्रिपाठी, मनोरमा शाहवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न इकाइयों के कर्मचारी, दिव्यांगजन, उनके परिजन एवं आमजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी के सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से “सेवा मेरा योगदान” के संदेश को सार्थक करते हुए समाज के जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।