05/06/2026
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन सेवाएँ एवं एसडीआरएफ द्वारा राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केन्द्र, बलदेयां में पौधारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय श्री जगत सिंह नेगी जी, राजस्व, बागवानी एवं जन शिकायत निवारण मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महानिदेशक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा, श्रीमती सतवंत अटवाल त्रिवेदी, आईपीएस, महानिदेशक, कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएँ, श्री अभिषेक त्रिवेदी, आईपीएस, उप महानिदेशक श्री अरविंद पराशर, वाहिनी आदेशक, एसडीआरएफ, अग्निशमन सेवाओं एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलदेयां तथा बिशप कॉटन स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं नागरिक सुरक्षा शिमला के स्वयंसेवकों ने पौधारोपण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसामान्य में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। मुख्य अतिथि ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण हेतु सतत प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन की परस्पर निर्भरता पर भी बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण आपदाओं के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल भविष्य के निर्माण हेतु अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।