21/04/2026
आत्मा परियोजना, विकास खंड पूह के सौजन्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
आत्मा (ATMA) परियोजना, विकास खंड पूह (जिला किन्नौर, हिमाचल प्रदेश) के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर “Learning and Preparing Cattle Feed” का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को संतुलित पशु आहार के महत्व और पशुपालन की उत्पादकता बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में पशु चिकित्सालय रिब्बा के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद ने किसानों को पशुओं के पोषण प्रबंधन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय, हरे चारे के संरक्षण, साइलेंज (Silage) बनाने की विधि तथा मिनरल मिक्सचर के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण और रोग प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संतुलित पशु आहार तैयार करने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे वे इसे अपने स्तर पर आसानी से लागू कर सकें।
इस अवसर पर आत्मा परियोजना के खंड तकनीकी प्रबंधक जय नेगी ने किसानों को प्राकृतिक खेती (Natural Farming) और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को घर पर ही संतुलित दाना-चारा तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल की सभी प्रतिभागियों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग रखी।
इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 30 किसानों ने भाग लिया। इसके अलावा भूतपूर्व प्रधान एवं उपप्रधान, पंचायत सदस्य (ग्राम पंचायत रिब्बा), आत्मा के एटीएम (ATMs) तथा क्लस्टर रिब्बा (NMNF) के सीआरपी (CRPs) भी उपस्थित रहे।🌾🌾🌾🌾