09/06/2024
जय श्री राम
माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम कलेक्टर महोदय को सौंपा ज्ञापन
सड़क नवीनीकरण एवं माॅडल रोड बनाये जाने हेतु लिखा पत्र
शहडोल। घनी आबादी वाला क्षेत्र घरौला मोहल्ला वैसे तो डेवलपमेंट एरिया के नाम से जाना जाता है। किंतु इस क्षेत्र की हमेशा से उपेक्षा की गई और आज भी स्थिति यथावत् बनी हुई है। घरौला मोहल्ला क्षेत्र में प्राचीन घरौलानाथ हनुमान मंदिर स्थापित है तथा इस क्षेत्र में अनेक गणमान्य नागरिक कई वर्षो से निवासरत हैं। आवागमन की दृष्टि से भी घरौला मोहल्ला अत्यधिक व्यस्ततम् क्षेत्र माना जाता है। लेकिन इस क्षेत्र में आवागमन के लिए व्यवस्थित सड़क न होने के कारण हमेशा उपेक्षित रहा है तथा डेवलपमेंट एरिया नाम होने के बावजूद यह क्षेत्र अपने विकास हो रहा है।
सिल्लू रजक वार्ड नंबर 19 के पार्षद चुने जाने के बाद से ही घरौला मोहल्ला के समुचित विकास के लिए प्रयासरत रहे हैं। पार्षद द्वारा समय-समय पर लोगों से विचार विमर्श कर कार्य किया जा रहा है। इसी तारतम्य में कल दिनांक 07.06.2024 को पार्षद सिल्लू रजक द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम विभिन्न क्षेत्रों में सड़क नवीनीकरण तथा माॅडल रोड बनाये जाने हेतु कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा। जिसमें जेल बिल्डिंग से कमिश्नर बंगले से होते हुये गुरुनानक चौक, नगरपालिका चौक से झूला पुल, पुलिस लाईन होते हुये बाणगंगा तक, घरौला मोहल्ला साँई मंदिर से बस स्टैण्ड को जोड़ने वाली रोड तक एवं साथ ही कांग्रेस भवन तक सड़क नवीनीकरण तथा माॅडल रोड बनाये जाने की माँग की गई है।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र से अनेक वरिष्ठ अधिकारियों एवं कई कर्मचारियों का अपने कार्यालय जाने तथा अन्य कार्यों हेतु आवागमन होता है। इसके साथ ही अनेक रहवासियों और नागरिको का आना जाना लगा रहता है। विशेष रूप से गौर करने वाली बात है कि कमिश्नर बंगले से गुरुनानक चौक तक के क्षेत्र से लगभग सात वार्ड जुड़े हैं। किंतु खस्ताहाल सड़क और समुचित आवागमन की सुविधा ना होने के कारण यह क्षेत्र उपेक्षित रहे हैं। इन वार्डो में यातायात के लिए अच्छी सड़क न होने तथा जर्जर सड़क के कारण कई बार दुर्घटना होती रही है तथा निरंतर यह स्थिति बनी रहती है। पार्षद सिल्लू रजक द्वारा ज्ञापन देते हुये बताया कि घरौला मोहल्ला क्षेत्र डेवलपमेंट एरिया के समुचित विकास के लिए ज्ञापन में लिखित इन क्षेत्रों की सड़को का नवीनीकरण एवं माॅडल रोड बनाया अनिवार्य प्रतीत होता है। इसी को द्रृष्टिगत रखते हुए सड़क नवीनीकरण और माॅडल रोड की माँग हेतु मुख्यमंत्री जी के नाम ज्ञापन स्वरूप पत्र कलेक्टर महोदय को सौंपा गया है और आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि यथा शीघ्र इन माँगो की ध्यान आकर्षित करते हुये मुख्यमंत्री महोदय द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जावेगी।