05/05/2026
➡️ संभागायुक्त ने रूंज एवं मझगांय बांध निर्माण स्थल का किया निरीक्षण
➡️ पेड़ के नीचे बैठकर जनचौपाल में ग्रामवासियों से चर्चा कर सुनी समस्याएं
➡️ प्रभावित ग्रामीण परिवारों के हितों का रखा जाएगा ध्यान
कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने गत सोमवार को अजयगढ़ अनुविभाग अंतर्गत निर्माणाधीन जल संसाधन विभाग के रूंज एवं मझगांय बांध स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने प्रभावित ग्रामीण परिवारों से संवाद किया और शासन के निर्देश मुताबिक सभी हितों का ध्यान रखने की बात कही। संभागायुक्त ने पेड़ के नीचे बैठकर जनचौपाल लगाई और रूंज परियोजना क्षेत्र के ग्राम विश्रामगंज एवं मझगांय परियोजना क्षेत्र के ग्राम बालूपुर में ग्रामवासियों से चर्चा कर गंभीरतापूर्वक उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कलेक्टर ऊषा परमार सहित जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम आलोक मार्काे एवं संजय कुमार नागवंशी तथा तहसीलदार सुरेन्द्र अहिरवार भी उपस्थित रहे।
कमिश्नर श्री सुचारी ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर दोनों मध्यम सिंचाई परियोजना के प्रभावितों के मुद्दों के निराकरण के लिए शासन स्तर से समिति का गठन किया गया। सिंचाई परियोजना के डूब से प्रभावितों के विस्थापन, भू-अर्जन एवं परिसंपत्तियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का प्राथमिकता के साथ उचित निराकरण होगा। उन्होंने कहा कि दोनों परियोजना के पूर्ण होने से अजयगढ़ ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों के वृहद क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। पेयजल और औद्योगिक प्रयोजन के लिए भी पानी मिलने से यह परियोजना वरदान साबित होगी और बड़ी संख्या में किसान परिवार लाभांवित होंगे। वर्षाकाल के पहले दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
संभागायुक्त ने कहा कि नियम मुताबिक प्रत्येक पात्र परिवार को सभी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विस्थापित स्थल पर भी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। समयबद्ध रूप से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने उचित सर्वे और राशि वितरण सहित अन्य सुविधाओं एवं विकास कार्यों की मांग से अवगत कराया। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों की जायज मांग व समस्या निराकृत करने की बात भी कही। इस पर प्रशासन की टीम द्वारा पारदर्शी तरीके से वांछित कार्यवाही पूर्ण करने के संबंध में आश्वस्त किया गया। साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से एक-एक पात्र व्यक्ति को लाभांवित करने के बारे में जानकारी दी गई। संभागायुक्त ने मौका स्थल पर अधिकारियों से परियोजना के तहत अब तक वितरित राशि और शेष कार्रवाई के बारे में जानकारी ली तथा बेहतर रूप से कार्ययोजना मुताबिक समस्त प्रक्रियाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh