26/06/2025
भिवानी में अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर पुलिस का जागरूकता अभियान: "आओ इकट्ठा हो जाएं, नशे के विरुद्ध दौड़ लगाएं"
दिनांक 26 जून 2025 को भिवानी पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर एक सफल नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे से 7:40 बजे तक सेठ किरोड़ीमल पार्क, भिवानी में संपन्न हुआ, कार्यक्रम की अध्यक्षता भिवानी के पुलिस अधीक्षक श्री मनवीर सिंह ने की । इस अवसर पर रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री वाई. पूर्ण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने नशे के खिलाफ लड़ाई में जनता की भागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिनमें भिवानी के उपायुक्त श्री महावीर कौशिक, नोडल अफसर उप पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री जयभगवान, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भिवानी श्री आर्यन चौधरी, हनुमान जोहड़ी मंदिर, भिवानी के महंत चरण दास महाराज और श्री रमेश सैनी (रमेश लाला, वासिया) शामिल थे। इस महत्वपूर्ण आयोजन में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर नशे के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले जागरूक व्यक्तियों और ग्राम पंचायत सरपंचों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके प्रयासों को प्रोत्साहन मिला।