PROShyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa

  • Home
  • India
  • Rewa
  • PROShyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa

PROShyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa Official Page of SS Medical College & Associated Gandhi Memorial, Sanjay Gandhi & SSB Hospital, Rewa

Official Page of Government Shyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa

12/09/2026

चिकित्सालय में अनाधिकृत वीडियोग्राफी निषेध के बारे में सोशल मीडिया में चल रही भ्रामक खबरों के संबंध में संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक द्वारा जारी वीडियो संदेश. PRO Rewa Jansampark Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh

10/09/2026

जूडा ने हड़ताल पर न जाने का निर्णय लेते हुए कार्य जारी रखने का फैसला किया

चिकित्सकों की सुरक्षा को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए

रीवा, 10 सितंबर 2026।
श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय एवं संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा में चिकित्सकों की सुरक्षा एवं चिकित्सालयीन व्यवस्था से संबंधित जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) द्वारा उठाई गई मांगों के संबंध में प्रबंधन द्वारा आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में की जा रही कार्रवाई एवं दिए गए आश्वासनों के पश्चात जूडा ने हड़ताल पर न जाने का निर्णय लेते हुए चिकित्सकीय कार्य को निरंतर जारी रखने का फैसला किया है।

चिकित्सकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रबंधन द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसमें चिकित्सकों के साथ हुई अप्रिय घटनाओं में वैधानिक प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकी की कार्रवाई, संवेदनशील स्थलों पर प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, सुरक्षा कर्मियों के युक्तियुक्तकरण हेतु संबंधित एजेंसी को निर्देश, तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था शामिल है।

इसके अतिरिक्त, अधीक्षक द्वारा अपने स्वयं के गार्ड को भी चिकित्सालय के वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था हेतु तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही चिकित्सालय में भीड़ नियंत्रण हेतु पास प्रणाली को प्रभावी करने, अनधिकृत मोबाइल वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध, आपातकालीन अलार्म एवं कोड वायलेट की व्यवस्था, चिकित्सालय परिसर में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आवश्यकता अनुसार प्रवेश करने वाले व्यक्तियों की Breath Analyzer से जांच जैसी व्यवस्थाओं के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।

लेबर रूम, आईसीयू, कैजुअल्टी सहित संवेदनशील स्थानों पर पुरुष एवं महिला सुरक्षा कर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इन सभी व्यवस्थाओं के त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अधिष्ठाता एवं अधीक्षक द्वारा विभिन्न संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चिकित्सालय प्रबंधन चिकित्सकों एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जूडा द्वारा हड़ताल पर न जाने तथा कार्य जारी रखने के निर्णय का चिकित्सालय प्रबंधन स्वागत करता है।PRO Rewa Jansampark Madhya Pradesh Office Of Rajendra Shukla Directorate of Health Services, Madhya Pradesh

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग का औचक निरीक्षणआज संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के आकस्मिक च...
08/09/2026

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग का औचक निरीक्षण

आज संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के आकस्मिक चिकित्सा विभाग का औचक निरीक्षण अधिष्ठाता डॉ. मनोज इंदुरकर एवं संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक डॉ. प्रियंक शर्मा द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान आकस्मिक चिकित्सा विभाग में उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं, मरीजों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इस दौरान डॉ. अवतार सिंह, प्राध्यापक, निश्चेतना विभाग; डॉ. सोनपाल जिंदल, न्यूरोसर्जरी विभाग एवं आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलख प्रकाश उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए गए। साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया कि आकस्मिक चिकित्सा के लिए आने वाले मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों तथा मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

चिकित्सालय प्रबंधन मरीजों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
PRO Rewa Jansampark Madhya Pradesh

08/09/2026

संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा के पोस्टमार्टम कक्ष से संबंधित एक वायरल वीडियो में किए जा रहे आपत्तिजनक एवं गंभीर दावे पूर्णतः तथ्यहीन, भ्रामक एवं निराधार हैं।

चिकित्सालय प्रबंधन स्पष्ट करता है कि पोस्टमार्टम कक्ष में शवों के संबंध में निर्धारित चिकित्सकीय एवं वैधानिक प्रोटोकॉल का पूर्णतः पालन किया जाता है। वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों का चिकित्सालय प्रबंधन स्पष्ट रूप से खंडन करता है।

आमजन एवं मीडिया से अनुरोध है कि किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा भ्रामक दावे को प्रसारित करने से पूर्व उसकी तथ्यात्मक पुष्टि अवश्य करें।

— संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा
PRO Rewa Jansampark Madhya Pradesh

07/09/2026

संजय गांधी अस्पताल ने 'गलत इंजेक्शन' वाली खबर का किया खंडन : मरीज को दिया गया सही एंटी रेबीज इंजेक्शन
____________

​संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय प्रबंधन ने कुछ समाचार पत्रों में 7 सितंबर 2026 को प्रकाशित उस खबर का खंडन किया है, जिसमें एंटी रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया गया था। चिकित्सालय प्रशासन ने इस खबर को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया है।

​घटनाक्रम पर अस्पताल का स्पष्टीकरण है कि 5 सितंबर 2026 की शाम को 18 वर्षीय आयुष सिंह आपातकालीन चिकित्सा विभाग में उपचार के लिए आए थे। प्राथमिक परीक्षण के दौरान मरीज द्वारा स्नेक बाइट की बात कहे जाने पर ओपीडी पर्ची में यही शिकायत दर्ज की गई थी।वरिष्ठ चिकित्सकों के निर्देशन में जब परीक्षण किया गया, तब मरीज ने स्वयं बताया कि उन्हें वास्तव में कुत्ते ने काटा था और गलतीवश उन्होंने सर्पदंश बोल दिया था।

स्थिति स्पष्ट होते ही उपस्थित डॉक्टरों द्वारा डॉग बाइट के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मरीज को तुरंत एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया गया। सर्पदंश के मामलों में एंटी स्नेक वेनम मरीज को अस्पताल में विधिवत भर्ती करने के बाद ही दिया जाता है। कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली एंटी रेबीज की खुराक ओपीडी के आधार पर दी जाती है, जो कि संबंधित मरीज को दी गई थी।

​संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक, गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा द्वारा जारी आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है कि प्रकाशित खबर पूरी तरह निराधार है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीज की देखभाल और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया है।

CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Rajendra Shukla Office Of Rajendra Shukla Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh

#रीवा

07/09/2026

मरीज़ श्रीमती अर्चना गुप्ता, उम्र 41 वर्ष, दिनांक 30/08/2026 को सड़क दुर्घटना के पश्चात चिकित्सालय में भर्ती हुई थीं। भर्ती के समय मरीज़ का GCS E3V2M5 था, जो चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत गंभीर स्थिति होती है।

उपचार के दौरान मरीज की न्यूरोलॉजिकल स्थिति अत्यंत गंभीर रही मरीज के दिमाग में सूजन तथा खून का थक्का बना हुआ था तथा वह विगत 5 दिनों से Vegetative state GCS E1VTM1 में थीं इसके साथ ही मरीज़ की दोनों पुतलियां mid-dilated एवं non-reactive पाई गईं।

मरीज की गंभीर स्थिति एवं poor prognosis के संबंध में परिजनों को नियमित रूप से अवगत कराया गया तथा लिखित रूप से भी सूचित किया गया था।

मरीज के परिजन मरीज की स्थिति के संबंध में चिकित्सालय प्रशासन से मिले थे, जिन्हें मरीज की गंभीर स्थिति एवं उनकी poor prognosis के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई थी तथा उनके द्वारा उक्त जानकारी से संतुष्टि व्यक्त की गई थी।

दिनांक 07/09/2026 को दोपहर 12:03 बजे मरीज को मृत घोषित किया गया। तत्पश्चात पोस्टमार्टम की कार्यवाही भी पूर्ण की गई है।

वार्ड में भर्ती मरीज के आसपास के परिजनों द्वारा लाया गया भोजन रखा हुआ था। उपलब्ध परिस्थितियों के आधार पर कीड़ा पाया जाना उक्त परिजनों द्वारा लाए गए भोजन से होना संभावित प्रतीत होता है। इसके अतिरिक्त ऐसी कोई अन्य परिस्थिति दृष्टिगत नहीं हुई।

उक्त प्रकरण के संबंध में मीडिया में प्रसारित की जा रही खबरें भ्रामक एवं तथ्यों से परे हैं। चिकित्सालय प्रशासन उक्त खबरों का खंडन करता है।

PRO Rewa Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh

डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग ने श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के डीन का कार्यभार ग्रहण किया, चिकित्सालय का किया निरीक्षणरीवा। ...
06/09/2026

डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग ने श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के डीन का कार्यभार ग्रहण किया, चिकित्सालय का किया निरीक्षण

रीवा। श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा के नवनियुक्त डीन डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग ने आज विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालयों का भ्रमण कर विभिन्न विभागों एवं चिकित्सालयीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीन डॉ. गर्ग ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं तथा विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों से चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात डीन डॉ. गर्ग ने विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों (HODs) के साथ बैठक की। बैठक में चिकित्सा सेवाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय व्यवस्थाओं, प्रशासनिक कार्यों तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में डीन ने सभी विभागाध्यक्षों एवं चिकित्सकों को निर्देशित किया कि चिकित्सक अपने निर्धारित दायित्वों का पूर्ण गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। चिकित्सकों द्वारा चिकित्सालय में नियमित राउंड किए जाएँ तथा निर्धारित समय पर OPD में उपस्थित रहकर मरीजों को आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए। निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. गर्ग ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र मरीजों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

डीन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मरीज को संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण एवं पूर्ण चिकित्सकीय उत्तरदायित्व के साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने चिकित्सकों एवं विभागाध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए चिकित्सा सेवाओं एवं संस्थान की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

डॉ. गर्ग ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सा शिक्षा, मरीजों की सेवा तथा संस्थान के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुधारों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

31/08/2026

चिकित्सालय में विगत दिनों हुई दुःखद घटना से हम सभी अत्यंत दुखी हैं। इस घटना ने मुझे भी व्यक्तिगत रूप से अत्यंत व्यथित एवं आहत किया है। मैं सदैव चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्हें उचित एवं बेहतर उपचार सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहता हूँ।

यह मार्मिक घटना मेरे अंतर्मन को गहराई से आहत करने वाली है। ऐसे कठिन एवं संवेदनशील समय में व्यक्त किए गए कुछ शब्द कई बार अपने भाव को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर पाते और उनके अर्थ अलग-अलग रूपों में ग्रहण किए जा सकते हैं।

इस घटनाक्रम के दौरान यदि मेरे किसी वाक्य अथवा शब्द से किसी व्यक्ति की संवेदनाएँ आहत हुई हैं, तो मैं उनके प्रति पूरी संवेदना व्यक्त करते हुए हृदय से क्षमा चाहता हूँ। मेरा उद्देश्य कभी भी किसी व्यक्ति अथवा परिवार के मर्म को आहत करना नहीं रहा है। यदि मेरे किसी कथन से ऐसी भावना उत्पन्न हुई है, तो मुझे उसका गहरा खेद है।

इस दुःखद घटना के संबंध में चिकित्सालय प्रबंधन द्वारा तत्काल आवश्यक प्रशासकीय निर्णय लिए गए हैं। साथ ही, राज्य स्तर से गठित जाँच समिति द्वारा की जा रही जाँच में चिकित्सालय प्रबंधन द्वारा पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता के साथ सहयोग किया गया है.

मैं मीडिया बंधुओं से भी आग्रह करना चाहता हूँ कि वे सदैव हमें स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव एवं परामर्श देते रहें। हम उनके रचनात्मक सुझावों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए मरीजों को बेहतर, संवेदनशील, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

अंत में, मैं इस दुःखद घटना में शोकाकुल परिजनों के साथ अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएँ और सहयोग उनके साथ हैं।

(डॉ. राहुल मिश्रा)
संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक
गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा

28/08/2026

*रीवा में जच्चा-बच्चा की मृत्यु के प्रकरण में दो चिकित्सक एवं दो नर्सिंग ऑफिसर निलंबित, जांच समिति गठित*

*चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के पालन और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी स्वीकार : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल*
भोपाल, 28 अगस्त 2026।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा में श्रीमती कल्पना मिश्रा एवं उनके गर्भस्थ शिशु की मृत्यु के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा है कि मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार और निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर तथ्यों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक प्रावधान किए जाएंगे। प्रथम दृष्टया प्राप्त शिकायत एवं संबंधित तथ्यों के आधार पर दो चिकित्सकों और दो नर्सिंग ऑफिसरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती कल्पना मिश्रा, पति श्री अमित मिश्रा, निवासी ग्राम हटवा, थाना बैकुण्ठपुर, जिला रीवा को गांधी स्मारक चिकित्सालय, रीवा के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 26 अगस्त 2026 को प्रातः लगभग 2:38 बजे भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसी दिन रात्रि 11:55 बजे उनकी एवं उनके गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो गई। चिकित्सकीय अभिलेखों के अनुसार, भर्ती के समय मरीज का प्लेटलेट काउंट लगभग 30 हजार प्रति माइक्रोलिटर था। रक्तचाप अत्यधिक बढ़ा हुआ तथा लीवर एंजाइम भी बढ़े हुए पाए गए थे। मरीज को निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाएं प्रारंभ की गई थीं। चिकित्सकीय जांच के आधार पर मरीज में टर्म प्रेग्नेंसी के साथ गंभीर प्री-एक्लेम्पसिया, गंभीर थ्रोम्बोसाइटोपीनिया एवं हेल्प सिंड्रोम का निदान किया गया था।

परिजनों द्वारा चिकित्सकों पर दुर्व्यवहार एवं उपचार में लापरवाही के आरोप लगाते हुए शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों की जांच समिति गठित की गई है। ड्यूटी चिकित्सक डॉ. सोनल अग्रवाल, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग तथा डॉ. निधि पाण्डेय, निश्चेतना विभाग को प्रथम दृष्टया कार्य के प्रति घोर लापरवाही एवं गंभीर अनुशासनहीनता के आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। नर्सिंग ऑफिसरों के संबंध में प्राप्त दुर्व्यवहार की शिकायत के आधार पर निलंबन की कारवाई की गई है। परिजनों की मांग पर मृतिका एवं उनके गर्भस्थ शिशु का शव परीक्षण जिला चिकित्सालय एवं चिकित्सा महाविद्यालय, रीवा की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दोनों शवों को शव वाहन के माध्यम से उनके गृह ग्राम पहुंचाया गया।

01/01/2026

Address

Rewa
486001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PROShyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PROShyam Shah Medical College & Associated Hospitals Rewa:

Shortcuts

Share