18/03/2026
बिलाईगढ़ की जर्जर सड़कों पर मिली बड़ी राहत: गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग के लिए 79.44 लाख की स्वीकृति, विधायक कविता प्राण लहरे के प्रयास रंग लाए
बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से उपेक्षित और जर्जर सड़कों को लेकर लगातार उठ रही आवाज को अब बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र की विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे के सतत प्रयासों और जनसंघर्ष के परिणामस्वरूप गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुँच मार्ग (300 मीटर) के सीमेंट कांक्रीट निर्माण कार्य हेतु 79.44 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह मार्ग क्षेत्र की अत्यंत महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है, जो रायपुर, सारंगढ़ और शिवरीनारायण–बिलासपुर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है। लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई डामर, धूल और कीचड़ के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया था और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी थीं, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त था।
इस समस्या को लेकर क्षेत्र की जनता ने कई बार आंदोलन और चक्काजाम भी किया। इन आंदोलनों में विधायक कविता प्राण लहरे स्वयं भी शामिल हुईं और जनता के साथ सड़क पर उतरकर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने न केवल सड़क पर संघर्ष किया, बल्कि विधानसभा के बजट सत्र में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए ध्यानाकर्षण के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
विधायक लहरे के इन प्रयासों का परिणाम अब सामने आया है। 17 मार्च 2026 को गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल तक 300 मीटर लंबाई के सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है। इससे क्षेत्र में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक कविता प्राण लहरे ने इस उपलब्धि को क्षेत्र की जनता के संघर्ष और विश्वास का परिणाम बताते हुए सभी क्षेत्रवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं ग्रामवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे आगे भी क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेंगी।
क्षेत्र के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विधायक के प्रति आभार जताया है। उनका कहना है कि विधायक की सक्रियता और दृढ़ नेतृत्व के कारण वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होगा और क्षेत्र को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी।