04/02/2026
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की सदवां पंचायत निवासी सुखी दीन के बेटे हवलदार मकसूद दीन को वीरता एवं अदम्य साहस के लिए सेना मेडल से अलंकृत किया गया है। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गणतंत्र भारत की राष्ट्रपति ने शौर्य पुरस्कारों की घोषणा की, जिसमें हवलदार मकसूद दीन का नाम भी सम्मिलित रहा।
मकसूद दीन सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में तैनात हैं। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में उनकी रेजिमेंट की तैनाती के समय उनके ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने व वीरता एवं अदम्य साहस के लिए सेना मेडल से अलंकृत किया गया है। जल्द सेना की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें सेना मेडल प्रदान किया जाएगा।
वह 2011 में भर्ती हुए थे। मकसूद दीन की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सदवां में हुई। इसके बाद वह सेना में भर्ती हुए थे। नूरपुर क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग और सदवां पंचायत के प्रतिनिधियों ने सेना मेडल से अलंकृत हवलदार मकसूद दीन और उनके परिवार के सदस्यों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी युवाओं को इनसे प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़कर लक्ष्य प्राप्त करना चाहिए।