02/10/2026
जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती का आयोजन
जिला कारागार पौड़ी गढ़वाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय तथा अन्य माननीय न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में बंदियों द्वारा विशेष सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बंदियों ने देशभक्ति गीत, भजन, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन, त्याग, सादगी और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि व्यक्ति अपने अतीत से सीख लेकर सकारात्मक सोच एवं अच्छे आचरण के साथ समाज की मुख्यधारा में पुनः जुड़ सकता है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री कौशल कुमार ने कहा कि गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कारागार का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि बंदियों में सुधार, आत्मानुशासन, कौशल विकास एवं सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना भी है।
माननीय जिला न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने बंदियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की तथा उन्हें अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने, कानून का सम्मान करने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों, कारागार स्टाफ एवं बंदियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने “सुधार, पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापना” की भावना को सार्थक रूप से प्रदर्शित किया।