09/01/2026
*संगठन के नव-निर्माण और भविष्य की रणनीति पर जन सुराज की जिला स्तरीय अहम बैठक*
गया: जन सुराज पार्टी द्वारा संगठन के प्रत्येक अंग को भंग कर नए सिरे से संगठन निर्माण के निर्णय के बाद आज गया जिले में जिला स्तर पर संगठन के पुनर्गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण विचार–विमर्श बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य संगठन को नई दिशा देना, आगामी रणनीति तय करना तथा जमीनी स्तर पर एक मजबूत और प्रभावी संगठनात्मक ढांचा खड़ा करना रहा।
बैठक में जिले के पदाधिकारियों, सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं साथियों ने संगठन को अधिक सशक्त, अनुशासित और जनसरोकार से जुड़ा बनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। संगठन के नव-निर्माण, जवाबदेही तय करने, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता तथा जनता के बीच भरोसा मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में *प्रो. रामबली चंद्रवंशी* एवं *अमजद हसन* विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों पर्यवेक्षकों ने संगठनात्मक पुनर्गठन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जन सुराज का लक्ष्य केवल राजनीतिक बदलाव तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से जनता को वास्तविक राहत देना है, जिसके लिए मजबूत और समर्पित संगठन का होना अनिवार्य है।
पर्यवेक्षकों ने पदाधिकारियों से जमीनी अनुभव साझा करने, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और भविष्य की रणनीति को स्पष्ट एवं ठोस रूप से तय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता और निरंतर जनसंवाद में निहित है।
बैठक के अंत में यह सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया कि संगठन के नव-निर्माण की प्रक्रिया को पारदर्शी, समावेशी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि जन सुराज पार्टी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सके और बिहार में सकारात्मक व स्थायी बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सके।