28/05/2025
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 28 मई 2025
स्थान: पंचकूला
अंतराष्ट्रीय मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर “स्वच्छता चिंतन शिविर” का सफल आयोजन
विश्वास मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर अंकित धारीवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा भारत विकास परिषद, विमेन टीवी इंडिया नेटवर्क तथा पार्श्वनाथ 9 महिला क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पंचकूला में "स्वच्छता चिंतन शिविर" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती बतों कटारिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भारत विकास परिषद पंचकूला के अध्यक्ष श्री दीपक दुआ ने अतिथियों का स्वागत किया, वहीं परिषद के सचिव श्री अशोक गुप्ता ने विश्व मासिक धर्म दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए परिषद की गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता शिक्षाविद् सुश्री रजनी भल्ला ने "भारत में महिलाओं के शौचालयों की दशा, दिशा और लक्ष्य" विषय पर विचार रखते हुए महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे महिलाएं कार्यक्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं, सार्वजनिक सुविधाओं—विशेष रूप से शौचालयों—की अनुपलब्धता उनके स्वास्थ्य और गरिमा पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। आज भी लगभग 70% महिलाएं सार्वजनिक शौचालय न पाकर होटल अथवा अन्य स्थानों का सहारा लेने को विवश हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती बतों कटारिया ने स्वच्छ भारत मिशन की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान ने महिलाओं को स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं प्रदान की हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं मासिक धर्म जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बोलें और अपने अधिकारों के लिए मुखर हों। रानी लक्ष्मीबाई के उदाहरण से उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय से महिलाएं असंभव को भी संभव बना सकती हैं।
श्रीमती ऋतु ओहरी ने पार्श्वनाथ 9 महिला क्लब की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
श्रीमती सुनीता धारीवाल, संस्थापक अंकित धारीवाल मेमोरियल ट्रस्ट, ने बताया कि ट्रस्ट विगत 11 वर्षों से मासिक धर्म प्रबंधन और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है तथा अब तक 25,000 से अधिक युवतियों को जागरूक किया जा चुका है।
ट्रस्टी मंजली सहारण और अलका बोस ने उपस्थित प्रतिभागियों को गुड़-चना वितरित किए और सैनिटरी पैड वितरण की व्यवस्था की।
श्रीमती रेखा शर्मा और श्रीमती इंदु हांडा ने भावपूर्ण "साथी हाथ बढ़ाना" गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन परिषद की महिला प्रमुख श्रीमती अनिता मित्तल ने किया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई।
उपस्थित गणमान्य अतिथियों में श्री दीपक दुआ, श्री रवींद्र मित्तल, श्री अशोक गुप्ता, सुमन चौधरी, श्रीमती वीना मसोंन, श्रीमती जसमिंदर कौर विर्क, श्रीमती अनिता जैन, श्रीमती सुनीता मंगल, श्रीमती पुष्पा हंस, श्रीमती संगीता पुखराज सहित अनेक समाजसेवी शामिल रहे।