19/07/2026
पंचकूला के गांव कोट में ‘मेयर आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन; मौके पर सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
आज गांव कोट में 'मेयर आपके द्वार' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें पंचकुला नगर निगम के मेयर श्री शाम लाल बंसल ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, सफाई, पेयजल, सीवरेज तथा अन्य मूलभूत जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय सामने रखे। मेयर ने तत्परता दिखाते हुए कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही सुनिश्चित कराया।
अधिकारियों को कड़े निर्देश
जिन विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक या संबंधित विभागों की कार्रवाई आवश्यक थी, उनके लिए मेयर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित कार्यों की एक विस्तृत सूची तैयार की जाए और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए। मेयर ने यह भी साफ किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर काम समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए।
मौके पर मौजूद रहे गणमान्य लोग
'मेयर आपके द्वार' कार्यक्रम के माध्यम से गांव कोट की प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं, ताकि जनता को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ बिना किसी देरी के मिल सके।
इस विशेष अवसर पर वार्ड नंबर 20 के पार्षद रोहित चौधरी, जगदीश राणा, गौतम राणा, संजीव खुल्लर, पवन खुल्लर, कमल बंसल, सरदार गोविंद सिंह तथा गांव कोट के अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।