22/03/2026
पलवल के गांव ज़लहका में अंतरराष्ट्रीय जल दिवस पर जल महोत्सव का भव्य समापन
ब्लॉक पृथला, जिला पलवल के गांव ज़लहका में 22 मार्च को अंतरराष्ट्रीय जल दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे गांव में जल संरक्षण, जल गुणवत्ता और जल प्रबंधन से जुड़े विषयों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार कुसुम जांगड़ा ने बताया कि भारत सरकार और मुख्य कार्यालय के निर्देशानुसार जिला पलवल में 8 मार्च से जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा था, जिसकी शुरुआत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से हुई थी और आज अंतरराष्ट्रीय जल दिवस के साथ इसका सफल समापन हुआ। उन्होंने बताया कि इस दौरान जिला, खंड और ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें जल जागरूकता रैलियां, बैठकें, जल स्रोतों का निरीक्षण और पानी के सही उपयोग पर प्रशिक्षण शामिल रहे।
गांव की सरपंच ओमवती ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से अपील की कि वे जल की एक-एक बूंद का महत्व समझें और पानी की बर्बादी को रोकने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि आज हम जल संरक्षण नहीं करेंगे, तो आने वाले समय में गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम में बीआरसी विश्वास ने जल गुणवत्ता पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल ही अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला है। उन्होंने ग्रामीणों को पानी की जांच, स्वच्छ भंडारण और नियमित निगरानी के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर बीआरसी समय कुमार, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, VWSC सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण का संकल्प लिया और भविष्य में पानी की बचत को अपनी प्राथमिकता बनाने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम ने न केवल जल के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश भी दिया कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें, तो जल संकट जैसी समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।