08/03/2026
#बड़ेबांका में प्रकृति शक्ति फड़ापेन शक्तिपीठ की स्थापना, अन्न बचत बैंक की भी हुई शुरुआत*
पाली - पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े बांका में प्रकृति शक्ति फड़ापेन शक्तिपीठ की स्थापना भूमका टीम द्वारा विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़े बांका के सरपंच रामनारायण मरावी ने की।
*संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश*
मुख्य अतिथि विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल समाज के हित के लिए ही नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति को बचाने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति आधारित रीति-रिवाजों से होती है। वर्तमान समय में समाज को संगठित होकर अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना होगा।
*गोंडवाना आंदोलन की शुरुआत का किया उल्लेख*
राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि बड़ादेव स्थापना कार्यक्रम की शुरुआत दादा हीरासिंह मरकाम ने गांव-गांव में की थी, जो आज गोंडवाना आंदोलन के रूप में व्यापक रूप से फैल चुका है। उन्होंने कहा कि हम सभी समाज की संपत्ति हैं और समाज के माध्यम से ही कार्य करना चाहिए।
*गोंडवाना अन्न बचत बैंक की स्थापना*
कार्यक्रम के अवसर पर बड़े बांका की मातृशक्तियों द्वारा गोंडवाना रत्न दादा हीरा सिंह मरकाम के विचार “एक मुट्ठी चावल से गोंडवाना का महाकल्याण” के तहत गोंडवाना अन्न बचत बैंक की स्थापना की गई। इसकी शुरुआत विधायक तुलेश्वर मरकाम ने कराई। इस पहल से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
*सेवानिवृत्त शिक्षक का हुआ सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक श्री बाबूलाल जगत का फूल-माला और पीली पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में श्याम सिंह मरकाम (राष्ट्रीय महासचिव गोंगपा), डॉ. पवन सिंह (जिला पंचायत अध्यक्ष), कुलदीप सिंह मरकाम (विधायक प्रतिनिधि), जामबाई श्याम (सभापति जेवरा महासभा), विशाल सिंह कोराम (संरक्षक जेवरा महासभा), गणेश मरपच्ची, जगत नेताम (जिलाध्यक्ष गोंगपा), गुहाराम कमरों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सामाजिक और सांस्कृतिक जनजागरूकता का संदेश दिया।
Tuleshwar Singh Markam Kuldip Singh Markam Shyam Singh Markam #गोंडवाना_गणतंत्र_पार्टी