03/09/2026
देखिये आपके क्षेत्र का सभी तरह का विकास करवाना और मेरे नरवाना विधानसभा वासियों का जीवन स्तर ऊपर उठाकर सुगम बनाना मेरा कर्तव्य है, आपने मुझे काम के लिए ही चुना है। बड़े बुजुर्ग कहते हैं ना 'चाम प्यारा कोनी भाई काम प्यारा है' तो मैं आपका हूँ और आप मेरे हो परंतु पहले से बसे हुए एरिया में कोई भी नया विकास कार्य होगा तो स्थानीय लोगों को जब तक काम चलेगा समस्या आयेगी ही आयेगी क्योंकि काम ने काम के अनुसार चलना है व धरातल पर ही चलना है। कोई भी जनसेवक, अधिकारी या कार्य ठेकेदार अपनी जेब में डालकर कंस्ट्रक्शन मैटीरियल नहीं ला सकता और ना ही उस क्षेत्र के किसी मकान-दुकान में बंद करके रख सकता है, कार्य पूर्ण होने के समय तक इस समस्या का हम सबको सामना करना पड़ेगा। क्षेत्र वासियों को तो चाहिए कि अगर कोई विकास विरोधी आकर इस अस्थायी परेशानी को लेकर कोई अनावश्यक मुद्दा बनाता है तो उसको तुरंत जाकर जवाब दें व सवाल करें कि अगर आजादी के बाद से 77 सालों में ये कार्य हो जाते तो अब इसकी जरूरत क्यों पड़ती?
जब चुनाव जीतने के बाद नरवाना क्षेत्र की समस्याओं के लिए मैंने अधिकारियों की मीटिंग ली तो धरातल पर समस्याओं व अव्यवस्थाओं का अंबार लगा मिला, शुरू में मुझे कुछ राजनीति पंडितों ने यह सलाह भी दी कि मंत्री जी समस्या का स्थाई समाधान करने में धरातल पर बहुत परेशानी आयेगी और आप इसको पूर्ण रूप से समाधान की बजाय लीपापोती करके ठीक करवा दीजिये परंतु वह मेरा काम करने का तरीका नहीं था। मैंने अपने नरवाना वासियों को ही अपील करके पूछा कि अगर मैं नरवाना की दशकों से चली आ रही समस्याओं का स्थाई समाधान करूँ तो आपको बहुत कठिनाई झेलनी पड़ेगी तो क्या आप मेरा साथ दोगे? तो मुझे यह देखकर इतनी खुशी हुई कि नरवाना के बच्चे-बच्चे ने यह कहा कि मंत्री जी एक बार में इन समस्याओं की नाड़ काट दो हम तकलीफ़ सह लेंगे पर हम दशकों से सालों दर साल इन समस्याओं से परेशान हो गए हैं, बहुत से परिवार नरवाना से पलायन कर चुके हैं और हमारा जीवन समस्या झेलते हुए गुज़र गया है।
भाईयों मैं कोई रजवाड़ों के परिवार में पैदा नहीं हुआ, मैं आप सभी की तरह साधारण परिवार में पैदा हुआ साधारण इंसान हूँ, मुझे पता है कि जब घर में पानी घुसता है तो मेहनत से बनाई चीज़ों को खराब होते देख दिल पर क्या गुज़रती है, जब फर्नीचर फूलकर खराब होने लगता है तो मन रोता है और जब कभी रात को बारिश आ जाये तो पूरा परिवार जागकर निकालता है कि कहीं पानी घुस गया तो साथ के साथ निकाल लेंगे।
दशकों पुरानी समस्याएं हैं और स्थाई समाधान में समय लगेगा, आपको अपनी घर-दुकान में आने-जाने में परेशानी होगी, ग्राहक खराब होंगे परंतु इसके परमानेंट इलाज का दूसरा कोई तरीका नहीं था। अच्छे भविष्य के लिए कुछ समय के लिए हम सबको यह झेलना पड़ेगा और मजबूती से विरोधियों को भी जवाब देना होगा।
आज 'नरवाना खोज खबर' की यह वीडियो देखकर आप लोगों से बात साझा करने का मन किया, नई गली के कार्य के लिए सभी क्षेत्रवासियों को बधाई, गली बनने के बाद फर्राटे से अपने घर पहुँचिये परंतु सावधानी के साथ नियंत्रित गति से, ढेरों शुभकामनाएँ।
Courtesy : Narwana Khoj Khabar
Bharatiya Janata Party (BJP) BJP Haryana
#नरवाना_विकास_कार्य #कृष्ण_बेदी