03/06/2026
सनातन संस्कृति एवं संस्कार कार्यशाला (ग्रीष्मकालीन प्रथम कैंप)प्रगति रिपोर्ट (प्रथम एवं द्वितीय दिवस)
पूज्य गुरुदेव एवं डॉ. अर्चिका दीदी जी की प्रेरणा से संचालित सनातन संस्कृति जागरण अभियान के अंतर्गत आनंद धाम आश्रम, नई दिल्ली में दिनांक 1 जून 2026 से 5 जून 2026 तक आयोजित पंचदिवसीय सनातन संस्कृति एवं संस्कार कार्यशाला का उत्साहपूर्ण एवं सफल संचालन किया जा रहा है।
कार्यशाला के प्रथम कैंप में स्थानीय पब्लिक स्कूल के लगभग 38 छात्र-छात्राओं तथा 5 अध्यापिकाओं का पंजीकरण किया गया। प्रथम दिवस सभी प्रतिभागियों का वैदिक परंपरा के अनुरूप तिलक लगाकर एवं पहचान-पत्र (आई-कार्ड) प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके उपरांत बच्चों को आनंद धाम आश्रम के विभिन्न तीर्थ एवं पवित्र स्थलों का दर्शन कराया गया, जिससे वे आश्रम की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम एवं द्वितीय दिवस के सत्रों में बच्चों को यज्ञ के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व, मंत्रोच्चारण की विधि एवं प्रभाव तथा मानव जीवन, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से उनके संबंध के विषय में सरल, रोचक एवं प्रयोगात्मक शैली में जानकारी प्रदान की गई।
बच्चों ने अत्यंत उत्साह के साथ यज्ञ में सहभागिता करते हुए वैदिक परंपराओं को निकट से समझने का प्रयास किया।
योग एवं स्वास्थ्य सत्र में बच्चों ने खेल-खेल में हँसते-मुस्कुराते हुए सूर्य नमस्कार, विभिन्न योग क्रियाओं तथा स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों ने बच्चों में शारीरिक स्फूर्ति, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
संस्कार शिक्षा सत्र के अंतर्गत “मेरी दुनिया – मेरे माता-पिता” विषय पर बच्चों को परिवार, माता-पिता के सम्मान, कर्तव्यों एवं जीवन-मूल्यों का महत्व सहज एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया।
द्वितीय दिवस “गुरु का जीवन में महत्व” विषय पर विशेष चर्चा आयोजित की गई, जिसमें गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति में गुरु की भूमिका तथा जीवन निर्माण में गुरु के योगदान के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई।
दोनों दिनों में सभी बच्चों ने अपने-अपने तुलसी पौधों में तांबे के पात्र द्वारा तुलसी मंत्र का उच्चारण करते हुए जल अर्पित किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा एवं जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।
प्रत्येक सत्र के समापन पर बच्चों द्वारा उत्साहपूर्वक धार्मिक उद्घोष एवं देशभक्ति के नारों का सामूहिक उच्चारण किया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिकता एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यशाला के दौरान बच्चों को उनकी रुचि के अनुरूप पौष्टिक अल्पाहार (रिफ्रेशमेंट) प्रदान किया गया। समापन पर फल एवं जल/छाछ वितरण के पश्चात सभी बच्चों को प्रसन्नतापूर्वक विदा किया गया।
बच्चे पूरे दिन के अनुभवों एवं नई सीखों के साथ उत्साहित मन से अपने विद्यालय के लिए रवाना हुए।
विशेष रूप से, दोनों दिनों की कार्यशाला से संबंधित प्रिंटेड अध्ययन सामग्री (वर्कशीट्स) बच्चों को प्रदान की गई तथा उनसे आग्रह किया गया कि वे घर पहुँचकर अपने माता-पिता के साथ इन विषयों पर चर्चा करें एवं कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान और संस्कारों को अपने परिवार तक पहुँचाएँ।
बच्चों का उत्साह, अनुशासन, जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता अत्यंत प्रेरणादायक रही। यह कार्यशाला भारतीय संस्कृति, संस्कार, योग, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को बालमन में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी प्रयास सिद्ध हो रही है।
कार्यक्रम से संबंधित कुछ छायाचित्र एवं लघु वीडियो संलग्न हैं।
बी.एस.के. टीम
आनंद धाम आश्रम,
नई दिल्ली
2 जून 2026
Dr. Archika Didi Sudhanshu Ji Maharaj Vishwa Jagriti Mission VJM Sanatan Sanskriti Jagran Abhiyan Anand Dham Ashram