04/03/2026
#भरतपुर। मुख्यमंत्री गृह क्षेत्र विकास समन्वय समिति द्वारा लखनपुर में चल रहा “मौन सत्याग्रह एवं ध्यानाकर्षण” धरना सोमवार शाम 8 बजे पंद्रहवें दिन समाप्त हो गया। समिति की ओर से 16 फरवरी 2026 से क्षेत्र के आधारभूत एवं बुनियादी विकास की मांग को लेकर यह शांतिपूर्ण धरना अनवरत चल रहा था, जो कुल 345 घंटे तक जारी रहा। धरना प्राचीन श्री लड्डू गोपाल जी राधा-कृष्ण मंदिर, उपतहसील कार्यालय व पुलिस थाना के पास आयोजित किया गया था। समिति का कहना है कि अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण आंदोलन की रणनीति में बदलाव किया गया है। आगे क्षेत्र में व्यापक जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाकर विकास संबंधी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। होली पर्व को देखते हुए क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों के आग्रह पर समिति ने मौन सत्याग्रह समाप्त करने का निर्णय लिया। संयोजक एडवोकेट विजय चौधरी ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए एवं संत श्री 108 श्री दीनबंधु दास जी महाराज के सान्निध्य में जूस ग्रहण कर सत्याग्रह समाप्त किया। संत ने भी क्षेत्र विकास की मुहिम के सफल होने की कामना की। समिति ने 15 दिन तक मिले सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों, पदाधिकारियों और मीडिया का आभार जताते हुए आगामी दिनों में गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की है।