07/09/2026
मछलीशहर की तेज-तर्रार और कर्तव्यनिष्ठ क्षेत्राधिकारी (CO) प्रतिमा वर्मा का ट्रैफिक सीओ जौनपुर के पद पर स्थानांतरण होना क्षेत्र के लिए एक भावनात्मक क्षण है। लगभग 19 महीने के अपने निर्विवाद कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपनी ईमानदारी, कड़े प्रशासनिक फैसलों और जन-संवाद से पुलिस और जनता के बीच एक मिसाल कायम की है।
उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी और सराहनीय पहल मुंगराबादशाहपुर के ऐतिहासिक 'बुढ़वा मंगल मेला' का सफल आयोजन रही। इस विशाल मेले में उन्होंने सैकड़ों वॉलिंटियर्स, सेवादारों और भारी पुलिस बल की तैनाती कर ऐसा अचूक सुरक्षा चक्र तैयार किया कि दोनों वर्षों का यह मेला पूरी तरह सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
त्योहारों और मेलों के दौरान उनकी मुस्तैदी ऐतिहासिक रही है। सावन माह और कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों को सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की निगरानी में सुरक्षित किया। होली, रक्षाबंधन, मोहर्रम, ईद और बकरा ईद जैसे सभी पर्वों को उन्होंने पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न कराया। मुंगराबादशाहपुर के ऐतिहासिक 'भरत मिलाप' में वह पूरी रात मुस्तैद रहकर हर गतिविधि पर नजर रखती थीं, जिससे यह पावन आयोजन हमेशा सकुशल संपन्न हुआ और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को उन्होंने हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। मुंगराबादशाहपुर के आभूषण व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। धनतेरस और दीपावली की रात सर्राफा मंडियों में उनकी प्रॉपर फोर्स के साथ मौजूदगी का ही असर था कि पूरे कार्यकाल में क्षेत्र में कोई बड़ी चोरी नहीं हुई। मेलों में सिविल ड्रेस में महिला व पुरुष पुलिस बल की तैनाती से यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी बहन-बेटी को कोई असुविधा न हो और न ही कोई बच्चा लापता हो। जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर फूहड़ या अश्लील नृत्यों पर पूरी तरह रोक लगाकर उन्होंने सामाजिक मर्यादा की रक्षा की।
आम जनता के प्रति उनका रवैया बेहद सहज था। कार्यालय में फरियाद लेकर आने वाले हर व्यक्ति को बिना किसी सिफारिश के न्याय मिला। महिलाओं के कार्यक्रमों और विद्यालयीन आयोजनों में उन्होंने हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
मैम, आपका यह स्थानांतरण भले ही प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन आपकी कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के कार्य हमेशा मुंगराबादशाहपुर और मछलीशहर की जनता के दिलों में रहेंगे। आपकी उत्कृष्ट सेवा और सराहनीय कार्यों के लिए हम आपको हृदय से नमन करते हैं और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं।