13/03/2026
झुनझुनवाला कॉलेज की मौसम यादव को मिला 21 हज़ार रुपए का प्रथम पुरस्कार
गोवंश आधारित प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
युवा पीढ़ी को देशी गोवंश की उपयोगिता, वैज्ञानिक महत्व, भारतीय संस्कृति, ग्रामीण परिवेश, गोवंश से पर्यावरण संरक्षण आदि से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित गोवंश प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया।
भारतीय गोवंश रक्षण-संवर्द्धन परिषद एवं उमा कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गोवंश आधारित चित्रकला, निबंध, भाषण और काव्य प्रतियोगिताएं मुंबई एवं इसके आसपास के 18 स्कूल, कॉलेज और महाविद्यालयों में आयोजित की गईं।
गोवंश जैसे विषय पर संभवतः देश में पहली बार आयोजित ये प्रतियोगिता अपने आप में अनूठी थी, जिसमें विद्यार्थियों ने काफ़ी संख्या में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन में सहयोगी संस्थान के रूप में मुंबई विश्व विद्यालय के हिंदी विभाग ने सराहनीय योगदान दिया। साथ ही हिन्द सेवा परिषद, पब्लिक हाई स्कूल, गुरु नानक खालसा कॉलेज और रामनिरंजन झुनझुनवाला कॉलेज ने विशेष सहयोग देकर आयोजन को सफल बनाया।
विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए संन्यास आश्रम, विले पार्ले, मुंबई में समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गौ सेवी और उमा कल्याण ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती मीना अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक और विचारक श्री वीरेंद्र याज्ञिक ने किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में श्रीनारायण अग्रवाल (राष्ट्रीय महामंत्री, भागोरसप एवं मुख्य ट्रस्टी, उमा कल्याण ट्रस्ट), श्री महेंद्र संगोई (सुप्रसिद्ध गौ सेवी), श्री सुनील मानसिंहका केंद्रीय मंत्री, भागोरसप), श्रीमती मीना अग्रवाल (गौ सेवी एवं ट्रस्टी, भागोरसप), श्री राजेश मेहता (समाज सेवी), डॉ करुणा शंकर उपाध्याय (हिंदी विभागाध्यक्ष, मुंबई विवि), डॉ राकेश दुबे (प्राचार्य, पब्लिक हाई स्कूल), श्री अनिल केजरीवाल (गौ सेवी एवं व्यवसायी), श्री अनिल गलगली (आरटीआई कार्यकर्ता), डॉ मिथिलेश शर्मा (हिंदी विभागाध्यक्ष, रामनिरंजन झुनझुनवाला महाविद्यालय), डॉ मेदिनी अंजनीकर ((हिंदी विभागाध्यक्ष, भवंस कॉलेज), डॉ रीना सिंह ((हिंदी विभागाध्यक्ष, आरके तलरेजा महाविद्यालय, उल्लासनगर), डॉ उषा मिश्रा (वरिष्ठ साहित्यकार), डॉ मनीषा उपाध्याय (डॉ पिल्लई ग्लोबल अकादमी), डॉ वेद प्रकाश दुबे ((हिंदी विभागाध्यक्ष, श्रीमती पीएन दोशी महिला महाविद्यालय), डॉ कप्तान कुशवाह (केजी जोशी कला एवं एन जी बेडेकर वाणिज्य महाविद्यालय, ठाणे), डॉ सोनी पांडेय (श्री एलआर तिवारी स्नातक महाविद्यालय, मीरा रोड) सहित विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
पुरस्कार समारोह में प्रमुख गौ सेवी श्री महेंद्र संगोई ने विद्यार्थियों को अहिंसा धाम, कच्छ गुजरात में गौ रक्षा के लिए वृहद स्तर पर किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया और वहाँ आने के लिए उन्हें आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि अहिंसा धाम में गोवंश के साथ -साथ अन्य जीव-जंतुओं की भी देख-रेख और चिकित्सा की जाती है।
श्री सुनील मानसिंहका ने अपने संबोधन में कहा कि पंचगव्य चिकित्सा से कैंसर जैसे असाध्य रोगों का उपचार भी संभव है।
श्रीनारायण अग्रवाल ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और गौ रक्षा के लिए ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को वृंदावन आने का निमंत्रण दिया और गौ सेवा से जुड़ने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि श्रीनारायण जी के संचालन में मथुरा-वृंदावन की श्री देवरहा बाबा गोशाला में 10 हज़ार से अधिक गोवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। ये सभी निराश्रित गोवंश है, जिन्हें अनुपयोगी समझकर सड़क पर भटकता छोड़ दिया गया है। उन्होंने श्री महेंद्र संगोई से आग्रह किया कि वो गौ रक्षा से जुड़ी गोशालाओं और संस्थाओं एकजुट करने में सहयोग करें, जिससे गौ रक्षा आंदोलन को मूर्त रूप दिया जा सके।
श्री करुणाशंकर उपाध्याय ने प्राचीन गौ संस्कृति और गौ माता के वैदिक-आध्यात्मिक स्वरूप पर पर प्रकाश डाला। श्री राकेश दुबे ने गौ माता को विश्व की धरोहर बताया और कहा कि गोवंश के रक्षण से ही धरती और पर्यावरण को बचाया जा सकता है। श्री अनिल केजरीवाल ने कहा कि उपचार और सही पोषण से ही गोवंश का जीवन बचाया जा सकता है।
गोवंश काव्य प्रतियोगिता का फ़ाइनल 12 फ़रवरी को खालसा कॉलेज में आयोजित किया गया था।
पुरस्कार वितरण समारोह में प्रथम पुरस्कार विजेता सुश्री मौसम यादव (रामनिरंजन झुनझुनाला कॉलेज) को 21 हज़ार रुपए, द्वितीय पुरस्कार विजेता श्री पवनजीत गुप्ता (भवंस कॉलेज) को 11 हज़ार रुपए, तृतीय पुरस्कार विजेता सुश्री तनु सिंह (रामनारायण रुइया कॉलेज) को 51 सौ रुपए तथा 11 – 11 सौ रुपए के 3 प्रोत्साहन पुरस्कार सुश्री महिमा मिश्रा (कीर्ति कॉलेज), सुश्री ऐश्वर्या शुक्ला (एल आर तिवारी डिग्री कॉलेज) और सुश्री काजल कनौजिया (नेशनल कॉलेज) को प्रदान किए गए। विजेताओं को पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया गया। प्रतिभागी विद्यालयों और महाविद्यालयों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार समारोह के आयोजन में भारतीय गोवंश रक्षण-संवर्द्धन परिषद के श्री गणेश परब (कोकण प्रांत गोरक्षा प्रमुख) और श्री रमेश पुरोहित (कोकण प्रांत सह - गोरक्षा प्रमुख) ने विशेष योगदान दिया।
गौ आधारित प्रतियोगिता के आयोजन में उमा कल्याण ट्रस्ट के श्री राजीव नौटियाल, श्री अशोक हमराही और श्रीमती राजुल की विशेष भूमिका रही।