Collector Office Morena

Collector Office Morena Official Handle of Morena Collector, Government of Madhya Pradesh
(1)

02/09/2026

पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपादित कराने हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले की संबंधित जनपद पंचायतों में होने वाले उप निर्वाचन के लिए अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (पंचायत) के रूप में पदाभिहित किया गया है।

आदेश के अनुसार जनपद पंचायत पोरसा के लिए तहसीलदार पोरसा को रिटर्निंग ऑफिसर तथा नायब तहसीलदार पोरसा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायत अम्बाह के लिए तहसीलदार अम्बाह को रिटर्निंग ऑफिसर तथा नायब तहसीलदार अम्बाह को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।

जनपद पंचायत मुरैना के लिए तहसीलदार ग्रामीण मुरैना को रिटर्निंग ऑफिसर तथा नायब तहसीलदार मुरैना को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत जौरा के लिए तहसीलदार जौरा को रिटर्निंग ऑफिसर तथा नायब तहसीलदार जौरा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर तथा जनपद पंचायत कैलारस के लिए तहसीलदार कैलारस को रिटर्निंग ऑफिसर एवं नायब तहसीलदार कैलारस को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पदाभिहित किया गया है।

नियुक्त किए गए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का अधिकार क्षेत्र संबंधित जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली उन समस्त ग्राम पंचायतों तक रहेगा, जहां पंचायत उप निर्वाचन 2026 (पूर्वार्द्ध) कराया जाना है।

मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों, निर्वाचन क्षेत्रों एवं वार्डों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा होने तक प्रभावशील रहेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपादित कराने के निर्देश दिए हैं।

Election Commission of India Chief Electoral Officer Madhya Pradesh

01/09/2026

जिला मजिस्ट्रेट ने 05 आदतन अपराधियों को एक वर्ष के लिए किया जिला बदर

जिला मजिस्ट्रेट श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा के प्रस्ताव पर मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के प्रावधानों के अंतर्गत जिले में आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से 05 आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की है। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट श्री जांगिड़ ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 सहपठित धारा 5 एवं 6 के तहत रबद का पुरा, ग्राम रिठोराखुर्द, थाना सरायछोला निवासी 50 वर्षीय बंटी पुत्र सिरमोर गुर्जर, 36 वर्षीय धर्मेन्द्र पुत्र विजय सिंह गुर्जर, 30 वर्षीय रिषी पुत्र नत्थी गुर्जर, 24 वर्षीय बॉबी पुत्र नत्थी गुर्जर तथा नया आमपुरा, माता वाली गली, थाना सिटी कोतवाली निवासी 24 वर्षीय वीरू उर्फ वीरेन्द्र पुत्र हल्के सिंह गुर्जर के विरुद्ध जिला बदर का आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार संबंधित आदतन अपराधियों को जिला मुरैना की सीमा सहित निकटवर्ती जिलों ग्वालियर, भिण्ड, श्योपुर एवं शिवपुरी की सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवधि के दौरान सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना संबंधित व्यक्ति उक्त जिलों की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

कलेक्टर ने सम्मानजनक एवं सहज वातावरण में सुनीं आमजन की समस्याएंजनसुनवाई में 306 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, 46 प्रकरण टीए...
01/09/2026

कलेक्टर ने सम्मानजनक एवं सहज वातावरण में सुनीं आमजन की समस्याएं

जनसुनवाई में 306 आवेदकों की समस्याएं सुनीं, 46 प्रकरण टीएल में दर्ज

मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने जनसुनवाई में आए आवेदकों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 306 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, जिनमें से 46 आवेदन टीएल में दर्ज किए गए। इन प्रकरणों की समीक्षा साप्ताहिक टीएल बैठक में की जाएगी।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों द्वारा प्रकरणों का आवश्यक परीक्षण एवं संबंधित विभागों से समन्वय कर निराकरण की कार्रवाई की जाए।

जनसुनवाई में राजस्व, आवास, पेंशन, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए पात्र प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों में विभागीय स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें अनावश्यक विलंब न हो तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से समय पर अवगत कराया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात सम्मानपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों एवं आवेदनों का केवल औपचारिक निराकरण न करते हुए नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्वनी कुमार रावत, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.के. सिन्हा, श्री अशोक चौहान, एसडीएम मुरैना श्री रामनिवास सिकरवार, डिप्टी कलेक्टर श्री भारत कुमार सहित समस्त जिला अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।

Jansampark Madhya Pradesh

अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर कलेक्टर के स्टेनो श्री विनोद शर्मा हुए सेवानिवृत्तकलेक्टर श्री जांगिड़ ने शॉल एवं श्रीफल भेंट ...
31/08/2026

अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर कलेक्टर के स्टेनो श्री विनोद शर्मा हुए सेवानिवृत्त

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर दीं शुभकामनाएं

कलेक्ट्रेट कार्यालय मुरैना में कलेक्टर के स्टेनो के पद पर कार्यरत श्री विनोद शर्मा ने अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर आज 31 अगस्त 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

विदाई समारोह में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने श्री विनोद शर्मा को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने श्री शर्मा के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि शासकीय सेवा के दौरान श्री शर्मा द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया गया। उन्होंने श्री शर्मा के सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों एवं सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात अब वे अपने परिवार के साथ अधिक समय व्यतीत करते हुए अपने शेष पारिवारिक दायित्वों को पूर्ण करें और जीवन के इस नए चरण का आनंद लें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री विनोद शर्मा को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Jansampark Madhya Pradesh

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 4 सितम्बर को मुरैना के किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद“बलराम कृषि महोत्सव” का जिला स्तरीय आयोजन कृष...
31/08/2026

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 4 सितम्बर को मुरैना के किसानों से करेंगे वर्चुअल संवाद

“बलराम कृषि महोत्सव” का जिला स्तरीय आयोजन कृषि उपज मंडी परिसर में

कृषि आधारित गतिविधियों की प्रदर्शनी के साथ प्रगतिशील किसान एवं मेधावी विद्यार्थी होंगे सम्मानित

प्रदेश में मनाए जा रहे “कृषक कल्याण वर्ष-2026” के अंतर्गत “बलराम कृषि महोत्सव” का जिला स्तरीय कार्यक्रम 4 सितम्बर 2026 को मुरैना स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से जुड़कर जिले के चार किसानों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। कृषि वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं उन्नत खेती की जानकारी देंगे।

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने सोमवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित एवं किसान हितैषी स्वरूप में किया जाए। किसानों की सुविधा, बैठक व्यवस्था, प्रदर्शनी, मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य संबंधित विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को शासन की किसान हितैषी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा कृषि आधारित गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर उन्नत एवं नवाचार आधारित खेती करने वाले 10 प्रगतिशील किसानों के साथ कृषक मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि एवं उद्यानिकी के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन सहित कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जिलों में “बलराम कृषि महोत्सव” आयोजित किए जा रहे हैं।

“बलराम कृषि महोत्सव” के माध्यम से किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, मौसम आधारित खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सिंचाई, उन्नत कृषि यंत्रों एवं आधुनिक कृषि प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञ किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती की नवीन पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा कृषि जोखिमों के प्रभावी प्रबंधन के उपायों से अवगत कराएंगे। साथ ही बाजार आधारित कृषि, कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन एवं आय वृद्धि के आधुनिक तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी। कृषि विशेषज्ञों एवं किसानों के बीच संवाद के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे 4 सितम्बर को कृषि उपज मंडी परिसर, मुरैना में आयोजित “बलराम कृषि महोत्सव” में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।

CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh

आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी रखें ध्यान, मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को दें प्राथमिकता - कलेक्टरप्लास्टर ऑफ पेरिस की...
31/08/2026

आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी रखें ध्यान, मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को दें प्राथमिकता - कलेक्टर

प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं का उपयोग न करने की जिलेवासियों से अपील

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने आगामी गणेश उत्सव के दृष्टिगत जिले के समस्त मूर्तिकारों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं के निर्माण एवं उपयोग को प्राथमिकता देने की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा और आस्था का पर्व है। उत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित प्रतिमाओं का उपयोग एवं विसर्जन किए जाने से जलस्रोतों की स्वच्छता प्रभावित होती है। पीओपी जल में आसानी से घुलता नहीं है, जिससे जल प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न होने के साथ जलीय जीव-जंतुओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण एवं जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गणेश उत्सव की धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाए। जिले के मूर्तिकार मिट्टी एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल सामग्री से गणेश प्रतिमाओं का निर्माण करें तथा नागरिक भी प्रतिमा खरीदते समय मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं को प्राथमिकता दें।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि गणेश उत्सव को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। मिट्टी की गणेश प्रतिमा अपनाकर जलस्रोतों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें तथा आस्था के इस पर्व को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल उत्सव के रूप में मनाएं।

Jansampark Madhya Pradesh

31/08/2026

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मुरैना से डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक, मुंबई की तीर्थ यात्रा 15 सितम्बर से

तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 9 सितम्बर

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत समस्त आवश्यक कार्यवाही एवं समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार नोडल अधिकारी नियुक्त

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मुरैना जिले से डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक, मुंबई की तीर्थ यात्रा 15 सितम्बर से 18 सितम्बर 2026 तक आयोजित की जाएगी। मध्यप्रदेश शासन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा यात्रा की तैयारियां एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार मुरैना जिले से तीर्थ दर्शन के लिए ट्रेन 15 सितम्बर 2026 को डॉ. अंबेडकर चैत्यभूमि स्मारक, मुंबई के लिए रवाना होगी। योजना के अंतर्गत तीर्थ यात्रा हेतु आवेदन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 9 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार अंतिम सूची 11 सितम्बर 2026 तक संचालक, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एवं महाप्रबंधक (पर्यटन), आईआरसीटीसी क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर श्री जांगिड़ ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत समस्त आवश्यक कार्यवाही एवं समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। योजना से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 98935-82817 पर संपर्क किया जा सकता है।

Jansampark Madhya Pradesh

जिले की 81 गौशालाओं का भौतिक सत्यापन कर 10 दिवस में प्रस्तुत करें रिपोर्ट - कलेक्टरटीमें गठित कर बिजली, पानी, गोवंश एवं ...
31/08/2026

जिले की 81 गौशालाओं का भौतिक सत्यापन कर 10 दिवस में प्रस्तुत करें रिपोर्ट - कलेक्टर

टीमें गठित कर बिजली, पानी, गोवंश एवं मूलभूत सुविधाओं की करें जांच

टाइम लिमिट बैठक में कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिले में संचालित 81 गौशालाओं की व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर 10 दिवस में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को। निर्देशित किया कि पशुपालन विभाग द्वारा चार टीमें गठित कर सभी गौशालाओं का निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रत्येक गौशाला में उपलब्ध गोवंश, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का मौके पर सत्यापन कर वस्तुस्थिति का स्पष्ट उल्लेख रिपोर्ट में किया जाए। कलेक्टर ने ये निर्देश सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टाइम लिमिट बैठक में दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, आयुक्त नगर निगम, समस्त जिला अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने कहा कि जिले में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं एवं वहां पर्याप्त संख्या में गोवंश उपलब्ध होने के संबंध में प्राप्त शिकायतों की वास्तविक स्थिति का मौके पर सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने पशुपालन विभाग को टीमें गठित कर निरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान गौशाला में उपलब्ध गोवंश की संख्या, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया जाए, ताकि गौशालाओं की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकें।

स्कूल एवं अस्पतालों में विद्युत कनेक्शन की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करें

कलेक्टर ने स्कूलों एवं अस्पतालों में विद्युत कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन संस्थानों के लिए कनेक्शन हेतु राशि जमा की जा चुकी है, वहां आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर विद्युत कनेक्शन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की सतत निगरानी करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्माण विभाग को आवश्यकतानुसार पेचवर्क कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पंचायत विभाग को विगत दो वर्षों में निर्मित नालियों एवं सीसी सड़कों का निरीक्षण कर जहां आवश्यक हो, वहां मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

बारिश से प्रभावित स्कूल भवनों की मरम्मत को दें प्राथमिकता

कलेक्टर ने जिले के सभी बीईओ, बीआरसी एवं डीपीसी को निर्देश दिए कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त अथवा मरम्मत योग्य स्कूल भवनों को चिन्हित कर उनकी सूची संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपयंत्री को तत्काल उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर कराया जा सके। उन्होंने फार्मर आईडी एवं अपार आईडी के कार्य में भी गति लाते हुए इसे प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

शिकायत पर सरपंच को धारा 40 के तहत नोटिस, सचिव को कारण बताओ नोटिस

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर पोर्टल पर जानकारी अद्यतन करने के निर्देश दिए। पहाड़गढ़ विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित शिविर के दौरान ग्राम पंचायत धूरकूड़ा के सरपंच-सचिव के संबंध में प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सचिव को कारण बताओ नोटिस तथा सरपंच को धारा 40 के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन-मन योजना के अंतर्गत लंबित आवास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्यान्न पर्ची सहित अन्य जनसमस्याओं का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

निर्माण कार्यों की प्रगति एवं फायर सेफ्टी व्यवस्था की करें सतत निगरानी

कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर स्थापित फायर सेफ्टी सिस्टम की वैधता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का आवश्यक प्रशिक्षण एवं जानकारी उपलब्ध हो।

कलेक्टर ने आगामी जन-विश्वास शिविरों में खंड स्तर के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक आमजन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का विभागवार परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें तथा किए गए कार्यों की जानकारी पोर्टल पर भी समय पर अद्यतन की जाए।

कलेक्टर श्री जांगिड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। मैदानी स्तर पर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग करते हुए आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

Jansampark Madhya Pradesh

Address

Barrier Road, SH-2 Rastriy Bal Bighamandir Pultiraha, Ambah/Morena Rd
Morena
476001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Morena posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Collector Office Morena:

Shortcuts

Share