Collector Office Mandla

Collector Office Mandla Collector Of Mandla, Government of Madhya Pradesh

राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष ध्यान दें - कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटेसीमांकन, नामांतरण, ...
04/06/2026

राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष ध्यान दें - कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे

सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, अतिक्रमण एवं राजस्व वसूली के मामलों में तेजी लाने के निर्देश

21 जून तक शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने के लिए एसडीएम को दिए निर्देश

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने गुरुवार को जिला योजना भवन में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में जिले के राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली, फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, भू-अभिलेख दुरुस्ती, अतिक्रमण संबंधी प्रकरण तथा राजस्व वसूली शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इन कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नामदेव ने कहा कि प्रत्येक राजस्व अधिकारी अपने क्षेत्र के लिए वसूली के स्पष्ट लक्ष्य एक सप्ताह में निर्धारित करें तथा उनके अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली की प्रगति नियमित रूप से मॉनिटर की जाएगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीरता से ली जाएगी।
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त नामांतरण सहित अन्य प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि कोई भी मामला समय-सीमा से बाहर नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर लंबित तथा एक माह से तीन माह तक लंबित प्रकरणों की अलग-अलग समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए। साथ ही आगामी सात दिनों के भीतर राजस्व प्रकरणों के निष्पादन प्रतिशत में उल्लेखनीय सुधार लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सभी राजस्व प्रकरण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही प्राप्त किए जाएं तथा उनकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तकनीकी पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
बैठक में आधुनिक तकनीक आधारित सीमांकन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एसएलआर को निर्देश दिए कि मशीन द्वारा सीमांकन कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पटवारियों का आवश्यक प्रशिक्षण शीघ्र आयोजित किया जाए, ताकि सीमांकन संबंधी मामलों का अधिक सटीक एवं त्वरित निराकरण हो सके।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अनुभागवार बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए 21 जून तक इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पुराने भू-अभिलेखों के डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि पुराने अभिलेखों को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित करने से राजस्व संबंधी कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
ग्रीष्मकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों एवं मैदानी अमले द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बेहतर प्रबंधन किया गया है, हालांकि जिन क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें चिन्हित कर आगामी वर्ष के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना एवं संसाधनों की व्यवस्था के लिए समय रहते प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि इन आयोजनों की जानकारी पूर्व से ही आमजन तक पहुंचाई जाए तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

Department Of Revenue, Madhya Pradesh

03/06/2026
स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली80 महिला खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा खेल एवं युवा कल्याण विभाग...
03/06/2026

स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर निकली साइकिल रैली

80 महिला खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंडला तथा मध्यप्रदेश एमेच्योर साइक्लिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में अस्मिता लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता एवं विश्व साइकिल दिवस का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला खिलाड़ियों, साइक्लिंग प्रेमियों, अधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइक्लिंग न केवल एक उत्कृष्ट खेल है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा हृदय और मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने युवाओं से दैनिक जीवन में साइक्लिंग को अपनाने का आह्वान किया।
अस्मिता लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता में जिले की लगभग 80 महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-17 वर्ग में कु. पूजा मरावी प्रथम, कु. गरिमा उइके द्वितीय तथा कु. दिव्यश्री वर्मन तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-19 वर्ग में कु. अमिता यादव ने प्रथम, कु. विनीता उइके ने द्वितीय एवं कु. रेवांशी विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कु. मुस्कान ठाकुर प्रथम, कु. शिवी तेकाम द्वितीय तथा फातिमा बी तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के पश्चात विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस रैली में करीब 200 खिलाड़ियों एवं साइक्लिंग प्रेमियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंडला साइकिल क्लब, डेली डॉट एवं क्रीड़ा भारती का विशेष योगदान रहा। मंडला साइकिल क्लब के सदस्यों ने खेल परिधान में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
यह संपूर्ण आयोजन जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री विकास खराड़कर के मार्गदर्शन तथा अस्मिता लीग प्रभारी डॉ. आकाश खत्री एवं ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के प्रशिक्षकों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh
Jabalpur Commissioner

02/06/2026
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली सा...
02/06/2026

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

जिला योजना भवन में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई के क्रम में आज कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए 134 आवेदकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना। कलेक्टर श्री धोटे ने आवेदकों की शिकायतों और मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेद्र घोरमरे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम ने भी आवेदनों की समस्या सुनी। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Jabalpur Commissioner

01/06/2026
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोरस्वच्छ गाँव अभियान के संबंध में दिए गए निर्देश कलेक्टर ...
01/06/2026

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर

स्वच्छ गाँव अभियान के संबंध में दिए गए निर्देश

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बताया गया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलेक्टर श्री धोटे को अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही जिला स्तरीय विशेष प्रकोष्ठ के सचिव एवं सदस्यों को नियमों के पालन और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्मित अपशिष्ट प्रबंधन अधोसंरचनाओं का सत्यापन 1 जून से 5 जून तक किए जाने तथा निर्धारित प्रारूप में जानकारी सात दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक यूनिट, सेग्रीगेशन शेड, सामुदायिक नाड़ेप तथा कचरा परिवहन व्यवस्था का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए ठोस अपशिष्ट के संग्रहण एवं वैज्ञानिक निपटान पर जोर दिया गया। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों तथा निजी चिकित्सालयों से निकलने वाले बायोमेडिकल अपशिष्ट के सुरक्षित प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने सर्वाेच्च न्यायालय एवं मंत्रालय स्तर से प्राप्त निर्देशों के शत-प्रतिशत पालन पर बल देते हुए सभी जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में 1 जून से 5 जून तक आयोजित स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान की गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया, समस्त एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh

Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh

Address

Office Of The District Collector, Civil Lines
Mandla
481661

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Mandla posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Collector Office Mandla:

Share