17/04/2026
आलम-ए-ज़िंदगी: मूर्ख बनाम बुद्धिमान
कहते हैं इस दुनिया में दो ही तरह के लोग होते हैं—एक जो खुश रहते हैं, और दूसरे जो समझदार होते हैं।
पहली श्रेणी के लोग, जिन्हें समाज प्रेम से “मूर्ख” कह देता है, सुबह उठते हैं, चाय पीते हैं, आसमान देखते हैं और सोचते हैं—“ज़िंदगी बढ़िया है।”
उन्हें न शेयर बाज़ार की चिंता, न भविष्य की योजना, न इस बात का डर कि “लोग क्या कहेंगे।”
उनका गणित सीधा है—आज अच्छा है, तो सब अच्छा है।
दूसरी ओर, बुद्धिमान लोग हैं।
ये सुबह उठते ही सबसे पहले अपने दिमाग़ का लैपटॉप खोलते हैं—
आज क्या करना है, कल क्या नहीं हुआ, अगले हफ्ते क्या हो सकता है, और अगर सब गलत हो गया तो क्या होगा।
चाय उनके सामने ठंडी हो जाती है, क्योंकि वे यह सोचने में लगे रहते हैं कि
“चाय पीना स्वास्थ्य के लिए कितना उचित है, और क्या इससे productivity पर असर पड़ेगा?”
मूर्ख व्यक्ति बारिश में भीगता है और हँसता है।
बुद्धिमान व्यक्ति खिड़की से देखता है और सोचता है—
“अगर मैं भीग गया तो सर्दी हो सकती है, फिर दवा लेनी पड़ेगी, फिर काम छूट जाएगा…”
मूर्ख को अगर कोई समस्या मिल जाए, तो वह कहता है—
“देखी जाएगी।”
बुद्धिमान वहीँ बैठकर दस संभावनाएँ निकाल लेता है, और ग्यारहवीं में उलझ जाता है।
मूर्ख के पास कम सवाल होते हैं, इसलिए उसके जवाब जल्दी मिल जाते हैं।
बुद्धिमान के पास इतने सवाल होते हैं कि जवाब भी कन्फ्यूज हो जाता है कि पहले किसका उत्तर दे।
कभी-कभी तो लगता है कि मूर्ख होना एक कला है—
जहाँ आप हर चीज़ को दिल से लेते हैं, दिमाग़ से नहीं।
और बुद्धिमान होना एक ज़िम्मेदारी—
जहाँ हर खुशी से पहले “क्यों” और “कैसे” खड़ा हो जाता है।
अंत में निष्कर्ष यही निकलता है—
सुख का संबंध बुद्धि से नहीं, बल्कि उसके उपयोग से है।
अगर बुद्धि आपको हल्का बनाए—तो आप ज्ञानी हैं।
अगर वही आपको भारी कर दे—तो थोड़ा “मूर्ख” बन जाना ही बेहतर है।
Inspired by an article read long back.