24/03/2026
काइस आंगनबाड़ी क्रेच केंद्र में नौकरी का मौका, वर्कर और हेल्पर पदों के लिए आवेदन आमंत्रित।
6 अप्रैल तक करें आवेदन, 9 अप्रैल को होगा साक्षात्कार, केवल स्थानीय महिलाओं को मिलेगा अवसर।
जिला कुल्लू के काइस क्षेत्र की महिलाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। बाल विकास परियोजना अधिकारी कटराई द्वारा मिशन शक्ति ‘पालना’ योजना के तहत आंगनबाड़ी पालना एवं क्रेच केंद्र काइस में क्रेच वर्कर और क्रेच हेल्पर के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी खुशविंदर ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पदों के लिए केवल संबंधित क्रेच केंद्र के फीडर एरिया की पात्र महिला उम्मीदवार ही आवेदन कर सकती हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन सादे कागज पर आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियों सहित 6 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय कटराई में जमा करवा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार 9 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कुल्लू के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।
पात्रता मानदंडों के अनुसार, आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता में क्रेच वर्कर के लिए 12वीं और क्रेच हेल्पर के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य रखा गया है।
चयन 25 अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा जिसमें शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक स्थिति जैसे अनाथ, विधवा या तलाकशुदा होने के अंक तथा साक्षात्कार के अंक शामिल होंगे। इसके साथ ही आवेदक का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वेक्षण रजिस्टर और परिवार नकल में दर्ज होना आवश्यक है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय कटराई या संबंधित ग्राम पंचायत के सूचना पट्ट पर विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं।