12/05/2026
दीपका क्षेत्र द्वारा “धरा शक्ति” कार्यक्रम का आयोजन
महिलाओं की तकनीकी एवं परिचालन कार्यों में भागीदारी बढ़ाने की पहल
एसईसीएल दीपका क्षेत्र द्वारा दिनांक 11 मई 2026 को ऑफिसर्स क्लब, दीपका क्षेत्र में “धरा शक्ति” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कोयला क्षेत्र में महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा देना तथा उन्हें तकनीकी एवं परिचालन कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करना था। यह पहल माननीय सीएमडी श्री हरिश दुहान के दूरदर्शी मार्गदर्शन एवं माननीय निदेशक (कार्मिक) श्री बिरांची दास के सतत प्रेरणा एवं सहयोग में आयोजित की गई।
कार्यक्रम का संचालन एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया गया, जिसकी अध्यक्षता आदरणीय श्रीमती सुजाता रानी, महाप्रबंधक (कार्मिक/ईई) द्वारा की गई। कार्यक्रम में समिति के अन्य सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा महिलाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कुल 19 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें से अधिकांश प्रतिभागियों ने तकनीकी एवं परिचालन कार्यों हेतु प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्यों द्वारा प्रतिभागियों से संवाद स्थापित किया गया तथा प्रेरणादायक संबोधन, काउंसलिंग सत्र एवं वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से आत्मविश्वास निर्माण, कौशल उन्नयन एवं खनन क्षेत्र में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया।
“धरा शक्ति” कार्यक्रम एसईसीएल की महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समावेशन एवं संगठन में समान अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।