02/06/2026
मलेरिया निरोधक माह तहत जागरुकथा रथ ने भ्रमण कर ग्रामीणजनों को मलेरिया के प्रति किया जा रहा जागरुक
खंडवा। राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत जून माह को मलेरिया माह के रूप में मनाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओ.पी.जुगतावत ने बताया कि 2 जून मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव, रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए खंडवा शहरी क्षेत्र व विकासखण्ड पंधाना के विभिन्न ग्रामों में सघन प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी श्री करण सिंह भूरिया ने बताया कि हाट बाजार पंधाना, ग्राम डुल्हार, छिल्टिया, पंधाना, उमरदा, बुल्याखेडी, दिवाल, बडौदा अहीर, घाटाखेडी, कांलका, अजनगांव, आरूद और पोखर में मलेरिया रथ ने भ्रमण कर ग्रामीणों को जागरूक किया और पेम्पलेट वितरित किए। इसके साथ ही चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों के कारण, लक्षण, जांच और उपचार की विस्तार से जानकारी दी। इसी तरह खंडवा शहरी क्षेत्र में भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत टीम द्वारा घर-घर जाकर और सामुदायिक चौपालों के माध्यम से लोगों को सचेत किया जा रहा है। श्री भूरिया ने बताया कि मलेरिया का मच्छर ठहरे हुए साफ पानी में पैदा होता है। इसलिए बस्ती या घर के आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें। गड्ढों को मिट्टी से भर दें या नाली बनाकर पानी को बहता कर दें।घर के आस-पास नियमित सफाई करें। जल स्रोतों की सफाई रखें और पानी के बर्तनों टंकियों को हमेशा ढंककर रखें। मच्छरों के काटने से बचने के लिए सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें, पूरी बांह के कपड़े पहनें, घरों में जालीदार दरवाजे-खिड़कियों का प्रयोग करें और मच्छरों को भगाने के लिए नीम की पत्तियों का धुआं करें। किसी भी प्रकार का बुखार आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत रक्त की जांच करवाएं। मलेरिया और अन्य बीमारियों की जांच व पूर्ण उपचार की सुविधा नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। जांच में मलेरिया की पुष्टि होने पर मरीज को डॉक्टर की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेने की समझाइश दी गई है।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Rajendra Shukla
Narendra Shivaji Patel
Ministry of Health and Family Welfare, Government of India
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
State Iecbureau
Collector Office Khandwa
PRO Khandwa
#मलेरिया_निरोधक_माह