31/05/2026
#विश्व_तंबाकू_निषेध_दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
तंबाकू एवं नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण का लिया संकल्प
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला झाबुआ द्वारा कृषि मंडी परिसर झाबुआ में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के नागरिकों, युवाओं एवं बच्चों को तंबाकू एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में स्थानीय भीली बोली में गीतों की प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज सांवले ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति विशेष को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसका पूरा परिवार इसके दुष्परिणामों को भुगतता है। तंबाकू सेवन से आर्थिक हानि होने के साथ-साथ कैंसर सहित अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से तंबाकू एवं अन्य नशे की आदतों से दूर रहने का आह्वान किया।
गायत्री परिवार के श्री घनश्याम बैरागी ने भी तंबाकू सेवन से होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी देते हुए लोगों से इसके सेवन का त्याग करने का आग्रह किया। वहीं ब्रह्मकुमारी संस्था की ज्योति दीदी ने प्रदर्शनी के माध्यम से तंबाकू एवं विभिन्न प्रकार के नशों के दुष्प्रभावों को विस्तार से समझाया तथा सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम से प्रेरित होकर अनेक ग्रामीणजनों ने तंबाकू का सेवन छोड़ने का संकल्प लिया। इनमें श्री कुंवारसिंह भाबोर , श्री खेलू पारगी निवासी माछलिया तथा श्री मुकेश डामोर निवासी करड़ावद सहित अन्य ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से तंबाकू त्यागने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग द्वारा उपस्थित युवाओं, बच्चों एवं नागरिकों को तंबाकू एवं तंबाकूजनित उत्पादों के साथ-साथ किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी से स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री सुनील तिवारी ने सभी विभागों, ब्रह्मकुमारी संस्था, गायत्री परिवार, अशासकीय संस्थाओं एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्था से ज्योति दीदी, गायत्री परिवार से श्री घनश्याम बैरागी, सारा सेवा संस्थान से श्री जिम्मी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री सुनील तिवारी, श्री प्रियंक पाटीदार, कलापथक दल की श्रीमती सुमन सलाम एवं श्रीमती कुसुम भूरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh