17/07/2021
महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, ऊंट गाड़ी व साइकिल रैली निकाल जताया विरोध
टोंक. आसमान छूती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस की ओर से भाजपा की केन्द्र सरकार के खिलाफ शहर में प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऊंट गाड़ी व साइकिल रैली निकाली। रैली में गैस सिलेंडर भी शामिल किया गया। इसके साथ महिलाओं ने नाराजगी जाहिर की।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी गाता के नेतृत्व में पहले कार्यकर्ता जिला कांगे्रस कार्यालय में जमा हुए। जहां से मुख्य बाजार होते हुए साइकिल-ऊंटगाड़ी यात्रा निकाली। ऊंटगाडिय़ों पर रसोई गैस सिलेण्डर, मोटरसाइकिल रखकर भाजपा की केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घण्टाघर पहुंचे। जहां विरोध प्रदर्शन किया गया।
लक्ष्मण चौधरी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। महंगाई ने आम जनता पर कहर ढाह दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण किसान, गरीब, मध्यम वर्ग का गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है। बेरोजगारी से युवा वर्ग परेशान हैं। मोदी सरकार के गलत निर्णयों के कारण देश में मंहगाई बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार वैक्सीन आंवटन में राजस्थान के साथ भेदभाव कर रही है। केन्द्र सरकार को कम से कम वैक्सीनेशन में तो राजनीति करने से बाज आना चाहिए। साइकिल-ऊंटगाड़ी यात्रा विरोध प्रदर्शन में शिवजीराम मीणा, सुनिल बंसल, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष जेबा खान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अल्का बैरवा, हंसराज चौधरी गाता, जर्रार खान, पार्षद विकास लोदी, नईमुद्दीन अपोलो, सेवादल अध्यक्ष अब्दुल खालिक, कैलाशी देवी मीणा, इरशाद खान, इम्तियाज खान, मेहमूद शाह, मोहन मीणा, मणिन्द्र बैरवा आदि शामिल थे।
पैदल मार्च आज
देवली. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर एवं प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार शनिवार दोपहर एक बजे देवली-उनियारा विधायक हरीश चंद्र मीना की उपस्थिति में ब्लॉक व नगर कांग्रेस के तत्वावधान में शहर के ममता सर्कल से कांग्रेस भवन तक पैदल मार्च निकालकर बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता आकाश कंछल ने दी।