03/06/2026
: जहांगीराबाद क्षेत्र में मिली अज्ञात लाश की सुलझी गुत्थी, कानपुर की रेप पीड़िता की हत्या कर 450 किमी दूर बुलंदशहर में फेंका था शव !!
– रेप पीड़िता ने कानपुर के बर्रा थाने में एक अस्पताल संचालक व एम्बुलेंस चालक के खिलाफ दर्ज कराई थी शारिरिक शोषण की एफआईआर, खुलाशे के बाद प्रकरण यूपी में हाईलाइट
जहांगीराबाद। थाना क्षेत्र के गांव सलंगवा के समीप बीती 23 मई को सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। कई दिनों तक पहचान के प्रयास और छानबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर जहांगीराबाद पुलिस ने शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार कर दिया था। अब कानपुर पुलिस की जांच में सामने आया है कि उक्त शव कानपुर से लापता हुई 21 वर्षीय युवती का था, जिसकी हत्या कर आरोपियों ने शव को करीब 450 किलोमीटर दूर लाकर बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी युवती ने बीती 19 मई को कानपुर साउथ कमिश्नरेट के थाना बर्रा में एक अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम और एंबुलेंस चालक विवेक पटेल के खिलाफ शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ दिन बाद 22 मई को युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शक की सुई मुकदमे में नामजद आरोपियों की ओर घूम गई।
कानपुर पुलिस ने जब आरोपी विवेक पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले से पर्दा उठ गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने और शव को बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में फेंकने की बात स्वीकार की। वहीं दूसरा आरोपी अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम कोर्ट में सरेंडर कर चुका है।
उधर, जहांगीराबाद पुलिस ने 23 मई को सलंगवा गांव के समीप से महिला का शव बरामद किया था। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की गई और गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला गया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। निर्धारित प्रक्रिया के बाद पुलिस ने अज्ञात मानकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।
कानपुर पुलिस के खुलासे के बाद अब दोनों जिलों की पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। रेप का मुकदमा दर्ज कराने वाली युवती की हत्या कर शव को सैकड़ों किलोमीटर दूर फेंकने की वारदात ने पुलिस व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।