Jabalpur Commissioner

Directions Website Contact the organization

Jabalpur Commissioner Commissioner of Jabalpur, Government of Madhya Pradesh
(1)

नरसिंहपुर नगर की प्रस्तावित सीमा वृद्धि को लेकर मंत्री श्री पटेल ने ली बैठकनगरपालिका क्षेत्र के विस्तार, शामिल होने वाले...
07/10/2026

नरसिंहपुर नगर की प्रस्तावित सीमा वृद्धि को लेकर मंत्री श्री पटेल ने ली बैठक
नगरपालिका क्षेत्र के विस्तार, शामिल होने वाले ग्रामों और विकास की संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
------
जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर जिला की नगरपालिका परिषद की प्रस्तावित नगरीय सीमा वृद्धि को लेकर प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नरसिंहपुर नगर की प्रस्तावित सीमा के विस्तार, इसमें शामिल किए जाने वाले ग्राम एवं क्षेत्रों तथा सीमा विस्तार से होने वाले संभावित विकासात्मक एवं प्रशासनिक लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित नगरीय सीमा में नरसिंहपुर तहसील के जरजोला, नंदवारा, सिमरिया, खमरिया, करहैयाखेड़ा, सूरजगांव, रोंसरा, खमतरा, मगरधा, नकटुआ, देवरीकलां, कुकवारा, बॉसकुंवारी, डेडवारा, झगरहाई, डोकरघाट एवं डोंगरगांव तथा करेली तहसील के खैरीनाका, मैनावारी एवं तिघरा को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर प्रस्तावित सीमा विस्तार के संबंध में विचार विमर्श किया गया। सीएमओ नरसिंहपुर श्री गजेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि प्रस्तावित सीमा विस्तार के बाद कुल 7,410.11 हेक्टेयर अर्थात 74.10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र नगरपालिका सीमा में शामिल होगा। वर्तमान में नरसिंहपुर नगरपालिका का क्षेत्रफल 14.71 वर्ग किलोमीटर है।

बैठक में प्रस्तावित सीमा विस्तार से क्षेत्र में होने वाले संभावित लाभों पर भी चर्चा की गई। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सीमा विस्तार के बाद सुनियोजित शहरी विकास को गति मिलने के साथ सड़क एवं अन्य बुनियादी अधोसंरचना के विस्तार तथा संपत्ति प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही विस्तारित क्षेत्र में भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। बैठक में प्रस्तावित नगरीय सीमा वृद्धि से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक सुझाव भी लिए गए।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, श्री रामसनेही पाठक, नगरपालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष और सरपंचगण मौजूद थे।

Prahlad Singh Patel

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाईसौंसर क्षेत्र में दबिश देकर 3 हजार किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट, 40 लीटर कच्ची ...
07/10/2026

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई
सौंसर क्षेत्र में दबिश देकर 3 हजार किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट, 40 लीटर कच्ची शराब जब्त
-------
जबलपुर संभाग के पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त सौंसर द्वारा ग्राम मेंहदीपठार एवं कुडडम क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान चालू भट्टी तथा नालों एवं जंगल में झाड़ियों के पास पन्नियों में एकत्रित लगभग 3,000 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। साथ ही 40 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) क एवं 34(1) च के अंतर्गत कुल 3 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी कु. भारती गौंड तथा आरक्षक जितेंद्र धुर्वे एवं भावना हेड़ाऊ की भूमिका रही।

CM Madhya Pradesh

07/10/2026

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा अवसर

विशेष शिविर

7, 8 और 9 अक्टूबर 2026

प्रदेश के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर का आयोजन

नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के साथ अलग से नहीं देना होगा कोई घोषणा

ऑनलाइन आवेदन:
voters.eci.gov.in या ECINET Mobile App के माध्यम से करें आवेदन

Election Commission of India

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई24 हजार किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची शराब जब्त, दो प्रकरण दर्ज--...
05/10/2026

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
24 हजार किलो महुआ लाहन और 20 लीटर कच्ची शराब जब्त, दो प्रकरण दर्ज
-------
जबलपुर संभाग के बालाघाट जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 4 अक्टूबर को आबकारी विभाग के जिलेभर के अधिकारियों एवं अधीनस्थ अमले ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ लाहन एवं हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब जब्त की।

जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत कुमार एक्का ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम ने आबकारी वृत्त कटंगी के ग्राम चिरचिरा में अलग-अलग अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ लगभग 24 हजार किलोग्राम शराब बनाने के लिए तैयार महुआ लाहन तथा 20 लीटर हाथ भट्टी महुआ की कच्ची शराब बरामद की गई।

मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। बरामद महुआ लाहन में से नियमानुसार सैंपल लिए गए तथा शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त महुआ लाहन, कच्ची शराब एवं अन्य सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 लाख 43 हजार रुपये बताया गया है।

कार्रवाई में आबकारी वृत्त प्रभारी ज्योति सोनी के साथ संदीप श्रीवास, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, रमाकांत बघेल, मुख्य आरक्षक द्वार सिंह उइके, अतर लाल उइके, नरसिंह टेकाम तथा आरक्षक भानु मर्सकोले, अनिता कुमरे और आरती धुर्वे शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

CM Madhya Pradesh

कलेक्‍टर श्री तिवारी की अध्‍यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सह धूम्ररहित तम्बाकू पर जिला स्तरीय कार्यशाला आय...
05/10/2026

कलेक्‍टर श्री तिवारी की अध्‍यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सह धूम्ररहित तम्बाकू पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित
------
जबलपुर संभाग के कटनी जिला कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक एवं धूम्ररहित तम्बाकू पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी), कोटपा-2003 तथा सार्वजनिक स्थलों को तम्बाकू मुक्त बनाने के संबंध में चर्चा की गई।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, जिला नोडल अधिकारी-एनटीसीपी डॉ. चांदनी रिमझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
धूम्ररहित तम्बाकू जानलेवा है विषय पर आईईसी सामग्री जारी

कार्यशाला के दौरान धूम्ररहित तम्बाकू के दुष्प्रभावों, कानूनी प्रावधानों एवं तम्बाकू नियंत्रण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “धूम्ररहित तम्बाकू जानलेवा है” विषय पर तैयार आईईसी सामग्री का विमोचन किया गया। इसके माध्यम से आमजन को धूम्ररहित तम्बाकू से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों तथा तम्बाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी।
कोटपा-2003 के प्रावधानों की दी जानकारी

एमपीवीएचए के संभागीय समन्वयक श्री रोहित पालीवाल ने तम्बाकू नियंत्रण कानून एवं सार्वजनिक स्थलों को तम्बाकू मुक्त बनाने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कोटपा-2003 की धारा 5 के तहत तम्बाकू उत्पादों के विज्ञापन एवं प्रचार पर प्रतिबंध, धारा 6(अ) के तहत 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध तथा धारा 6(ब) के तहत शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध की जानकारी दी।

उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से संबंधित नगर निगम एवं नगरपालिका प्रावधानों तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत खाद्य उत्पादों में तम्बाकू एवं निकोटीन के उपयोग पर प्रतिबंध की जानकारी भी दी। साथ ही तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान एवं तम्बाकू मुक्त गांव विकसित करने के लिए भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश एवं एसओपी से अवगत कराया।
तम्बाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध सेवाओं की दी जानकारी

जिला नोडल अधिकारी-एनटीसीपी डॉ. चांदनी रिमझा ने टोबेको सीजेशन सेंटर के माध्यम से तम्बाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों को उपलब्ध परामर्श एवं तम्बाकू छोड़ने की सेवाओं की जानकारी दी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी विभागों को तम्बाकू नियंत्रण कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान तथा पंचायत विभाग को तम्बाकू मुक्त गांव विकसित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिए।

Directorate of Health Services, Madhya Pradesh

प्रकृति पूजक जनजातीय समुदाय प्रदेश की धरोहरप्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को दी जाएगी बोनस राशि : मुख्यम...
04/10/2026

प्रकृति पूजक जनजातीय समुदाय प्रदेश की धरोहर
प्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को दी जाएगी बोनस राशि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मंडला में टाइगर सफारी जू बनाया जाएगा
मोहगांव और घुघरी में खुलेगा महाविद्यालय
मंडला में लघु वनोपज की प्रोसेसिंग यूनिट खोली जाएगी
जिले में पान की खेती पुन: प्रारंभ की जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने 9.04 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को अंतरित की 36.17 करोड़ की बोनस राशि
84 वन समितियों के 40 हजार सदस्यों को दिया 26.56 लाख का काष्ठ लाभांश
मंडला जिले को दी लगभग 460 करोड़ के 74 विकास कार्यों की सौगात
मंडला में 8 वनमंडलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिली वर्ष 2024 की बोनस राशि
-------
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रकृति पूजक जनजातीय समुदाय प्रदेश की धरोहर है। हम सबको प्राणवायु देने वाले वनों की सुरक्षा, इनके संवर्धन और प्रबंधन में जनजातियों का योगदान अतुलनीय है। ऐसे सभी जनजातीय भाई-बहनों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनका वाजिब हक, मेहनत का पूरा सम्मान दिलाना तथा इनके सभी हितों की सुरक्षा हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनोपजों से जुड़ी आजीविका को मजबूत कर जनजातीय परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों और वनोपज से जुड़े परिवारों के हितों को मजबूत करना ही राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को मण्डला जिले में प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए हुए प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम तथा तेंदूपत्ता बोनस वितरण कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां प्रदेश के 8 वन मंडलों के 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये की बोनस राशि का अंतरण किया। मंडला जिले के पूर्व और पश्चिम वन मंडल, सिवनी जिले के उत्तर एवं दक्षिण वन मंडल, बालाघाट जिले के उत्तर और दक्षिण वन मंडल सहित डिण्डोरी एवं जबलपुर वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 21 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2024 के बोनस के रूप में लगभग 139 करोड़ रुपए से अधिक की बोनस राशि वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मण्डला जिले के जंगलों की रक्षा में वन विभाग को सहयोग देने वाली 84 वन समितियों के करीब 40 हजार सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये की काष्ठ लाभांश राशि भी वितरित की। मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन, रानी दुर्गावती, एवं राजा शंकर शाह-कुंवर रघुनाथ शाह के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले को लगभग 460 करोड़ रुपए की लागत वाले 74 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। इसमें 263 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 47 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं 197 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 27 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां 75.28 करोड़ रुपए से बनने वाले 19 शासकीय हाईस्कूल शाला भवनों, 33.92 करोड़ रुपए से मंडला में बनने वाले नवीन एकीकृत कलेक्टर कार्यालय भवन, 14.80 करोड़ रुपए से मंडला में बनने वाले नर्सिंग कॉलेज भवन तथा 1 करोड़ रुपए से मंडला में स्थापित होने वाले ट्राईबल मल्टीपर्पज मार्केटिंग सेंटर (टीएमएमसी) के भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। साथ ही 137.11 करोड़ रुपए की लागत से निवास, बिछिया, घुटास और सागर कस्बे में नवनिर्मित चार सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर किसान कल्याण वर्ष पर केन्द्रित प्रदर्शनी में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत जिले के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण भी किया। मुख्यमंत्री ने इन होनहार विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबी देकर अपने हाथों से हेलमेट पहनाया और इन्हें खूब पढ़-लिखकर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंडला जिले के लिए कई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि मंडला जिले के मोहगांव और घुघरी में शासकीय महाविद्यालय खोला जाएगा। मंडला में लघु वनोपज का बहुतायत में संग्रहण होता है। इसीलिए मंडला में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अधीन लघु वनोपज की प्रोसेसिंग यूनिट खोली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जिले में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को वन्य जीवों के देखने की स्थानीय सुविधा के लिए मंडला में टाइगर सफारी जू बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इस जिले में पान की खेती हुआ करती थी, यह स्थानीय लोगों की आमदनी का बड़ा जरिया थी। इसीलिए अब मंडला में पान की खेती पुन: प्रांरभ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में मध्यप्रदेश में देश का 12 प्रतिशत दूध उत्पादन हो रहा हैं। हम इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक लेकर जाएंगे। इस लक्ष्य की दिशा में हम दूध उत्पादन से पशुपालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में दुग्ध सहकारी समितियां बना रहे हैं। मंडला जिले में भी आवश्यकतानुसार दुग्ध सहकारी समितियां बनाई जाएंगी और गौपालकों को उनके दूध उत्पादन का सही दाम दिलाया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातियों के समग्र विकास के साथ ही उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। राज्य सरकार जनजातीय नायकों के शौर्य-पराक्रम का स्मरण करते हुए इनके मान-सम्मान के लिए सभी प्रयास कर रही हैं। हमने रानी दुर्गावती के सम्मान में पहले जबलपुर और फिर उनकी राजधानी सिंग्रामपुर में कैबिनेट की बैठक की। फिर राजा भभूत सिंह एवं अन्य जनजातीय नायकों के स्थल पर भी कैबिनेट की। यह राज्य सरकार की जनजातीय वीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2024 के तेंदूपत्ता बोनस और लाभांश की मिल रही राशि वन समितियों तथा वनोपज संग्राहकों की मेहनत और समर्पण का प्रतिफल है। राज्य सरकार का प्रयास है कि वनक्षेत्रों से लगे गांवों में वनोपज संग्रहण से आमदनी आधारित अर्थव्यवस्था का विकास हो। इस आजीविका से जुड़े परिवारों को संग्रहित वनोपज का बेहतर मूल्य मिले और उनकी आर्थिक हालत को भी मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि मंडला जिले में वन्य जीव पर्यटन के विकास और विस्तार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास की दौड़ में मंडला अब किसी से पीछे नहीं है। यहां मेडिकल कॉलेज बनने जा रहा है। नर्सिंग कॉलेज का भूमि पूजन आज हो गया है। मंडला से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण से प्रदेश का ड्रापआउट शून्य प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप और पूरे स्कूल में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी दे रही हैं। यह मध्यप्रदेश में दिनों-दिन बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता और सांदीपनि विद्यालयों का असर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पिछले महीने ही मप्र सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को सुगम बसों की सौगात दी हैं। अभी 1500 बसों के संचालन से प्रारंभ हुए इस कारवां को हम तेजी से और आगे लेकर जाएंगे।

कार्यक्रम को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं मंडला के वर्तमान लोकसभा सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी संबोधित कर क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी विभिन्न विकास कार्यों की मांगे रखीं। कार्यकम में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री नवीनगिरि गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में तेंदूपत्ता संग्राहक उपस्थित थे।

CM Madhya Pradesh Sampatiya Uikey Faggan Singh Kulaste

नागरिकों की सुविधा और द्रुत गति से नवीन जिलों का विकास शासन की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादवबड़ी संख्या में युवाओं को...
04/10/2026

नागरिकों की सुविधा और द्रुत गति से नवीन जिलों का विकास शासन की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ा जाएगा उद्योगों और स्वरोजगार से

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पांढुर्णा में ली जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक
-------
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पांढुर्णा सहित प्रदेश के नवीन जिलों के विकास, नागरिक सुविधाओं और जिलों का द्रुत गति से विकास शासन की प्राथमिकता है। यहां के युवाओं को उद्योगों और रोजगार से जोड़ने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम बनाये जायेंगे। यहां पशुपालन और दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को और बढ़ाएंगे। पांढुर्णा जिले के विकास में कोई भी बाधा नहीं आएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए समिति के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि पांढुर्णा जिले के नवीन निर्माण कार्यों की स्वीकृतियां लगातार जारी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने हनुमान लोक के अगले चरण के निर्माण कार्यों में प्रगति की जानकारी प्राप्त की और तीव्र गति से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बैठक में पांढुर्णा जिले के विकास और उपलब्धियों के बारे में बताया गया कि जिले में अभी तक 112 करोड़ रूपये के विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनमें मुख्य रूप से सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा, सांदीपनि विद्यालय सौंसर, पुलिस कंट्रोल रूम पांढुर्णा और चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर जामसांवली हनुमान लोक के प्रथम चरण का निर्माण कार्य शामिल है। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सांदीपनी प्राथमिक शाला पांढुर्णा को स्कूल सर्टिफिकेशन योजना के अंतर्गत गोल्ड अवॉर्ड प्रदान किया गया है। सांदीपनि विद्यालय सौंसर में 1654 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिले में कुल 248 करोड़ रूपये की लागत के विकास कार्य निर्माणाधीन हैं, जिनमें विभिन्न शासकीय कार्यालयों, सड़क, पुल, नलजल योजनाओं के कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने लोकहित परिसर नवीन कलेक्टर कार्यालय भवन पांढुर्णा के प्रस्तावित योजना का अवलोकन किया।

हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद मासिक आय हुई दोगुनी

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा हनुमान लोक के लोकार्पण के बाद से यहां की औसत मासिक आय 25 लाख रूपये से बढ़कर 60 लाख रूपये हो गई है। प्रथम चरण में हनुमान लोक की 57 दुकानों की नीलामी से लगभग 11 करोड़ रूपये की प्राप्ति हुई है, प्राप्त आय का उपयोग मंदिर और श्रद्धालु सुविधाओं के विकास एवं रख - रखाव में किया जा रहा है।

बैठक की शुरुआत में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य छिंदवाड़ा - पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़, पांढुर्णा विधायक श्री निलेश ऊईके और सौंसर विधायक श्री विजय रेवनाथ चौरे ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव का पौधा भेंट कर स्वागत किया।

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अशासकीय सदस्यों के साथ ही जबलपुर संभाग के आयुक्त श्री धनंजय सिंह, आईजी जबलपुर श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री नीरज वशिष्ठ, डीआईजी श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय उत्पादों और महिला स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प की सराहना

विभागीय प्रदर्शनियों का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सांदीपनी स्कूल पांढुर्णा में आयोजित सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वरोजगार मूलक योजनाओं के हितग्राहियों द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ वितरण के साथ मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। मुख्यमंत्री ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर तथा सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन मंडल सामान्य के स्टॉल का अवलोकन करते हुए वहां प्रदर्शित आयुर्वेदिक एवं औषधीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पादों को उपयोगी बताते हुए इनके बेहतर प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग, ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल अवलोकन के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे अचार, टोमेटो सॉस एवं विभिन्न प्रकार के मसालों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट एवं टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन कर महिलाओं के हुनर की सराहना की। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, अनाज तथा हल्दी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। खेड़ीकला निवासी तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन हेतु अनुदान राशि 1 लाख रुपए, भंदारगोंदी निवासी मोहन हिवसे को औजार अनुदान योजना तथा पुनम दुधकवरे, अश्विनी राजू सावकर, वैशाली हेमंत सौदागर, हर्षला वानखेड़े एवं किशोर दुधकवरे निवासी पांढुर्णा को प्रधानमंत्री श्रम योगी पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रमेश कोहले एवं सुरेश वघाले निवासी पांढुर्णा को वृद्धा पेंशन स्वीकृति, पांढुर्णा निवासी मनिषा बारंगे को दिव्यांग पेंशन योजना, कुरेशा बी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। पांढुर्णा निवासी योगिता तायवाडे को व्हीलचेयर एवं ब्रेलीकेट, पांढुर्णा निवासी ओम प्रकाश मानकर एवं अशोक शहगल को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ मिला। पांढुर्णा निवासी मंदा वानखड़े, पूजा योगेश, अपूर्वा ठोमेरे एवं तरुण ठोमेरे को खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्रदान की गई। पिपलपानी निवासी विजेश साहेबराव भादे को बीआरसी योजना के तहत बायो रिसोर्स सेंटर का लाभ मिला, पार्वती तिवारी एवं मनोहर धारपुरे निवासी पांढुर्णा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों का किया सम्मान, बच्चों को दुलारा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पांढुर्णा जिले में सेवा मेरा योगदान एवं सेवा सेतु अभियान में सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सांदीपनि स्कूल, पांढुर्णा में “हमारे वृद्ध, हमारा स्वाभिमान” एवं “हमारे बच्चे, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित वृद्धजनों का शॉल, श्रीफल से सम्मान करते हुए उन्हें फलों की टोकरी भेंट की। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के बच्चों से भी आत्मीय भेंट की। उन्होंने बच्चों को ड्रॉइंग किट, मिठाइयां एवं चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने बच्चों से संवाद किया और दुलार किया।

CM Madhya Pradesh

मुड़वारा विधायक और कलेक्टर ने किया पहाड़ी में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण-----जबलपुर संभाग के कटनी जिला के मुड़वारा...
04/10/2026

मुड़वारा विधायक और कलेक्टर ने किया पहाड़ी में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण
-----
जबलपुर संभाग के कटनी जिला के मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शनिवार को ग्राम पहाड़ी में करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, तहसीलदार श्री अखिल पांडेय आदि उपस्थित रहे।

क्रिकेट के साथ इंडोर गेम्स की भी मिलेगी सुविधा -

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्माणाधीन स्टेडियम एवं प्रस्तावित सुविधाओं के संबंध में एसडीओ आरईएस श्री अभिषेक त्रिपाठी से जानकारी ली। श्री त्रिपाठी ने बताया कि यहां क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही युवाओं को इंडोर गेम्स के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करें निर्माण कार्य -

कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य को गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण की नियमित निगरानी करने तथा स्टेडियम में प्रस्तावित खेल सुविधाओं को व्यवस्थित एवं उपयोगी स्वरूप देने पर भी जोर दिया।

Department of Sports & Youth Welfare, Madhya Pradesh

सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर कार्यालय परिसर में चला स्वच्छता अभियानकलेक्टर सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान...
04/10/2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर कार्यालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान
कलेक्टर सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर दिया स्वच्छता का संदेश
------
जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर जिला में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को कार्यालय कलेक्टर नरसिंहपुर भवन परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य शासकीय कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ ही स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

स्वच्छता अभियान में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई करते हुए वहां फैले कचरे को झाड़ू लगाकर एकत्रित किया और उसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही परिसर में उगी अनावश्यक झाड़ियों एवं घास की भी साफ-सफाई की गई।

अभियान के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने स्वच्छता कार्य में सहयोग करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। उनकी सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया तथा यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों एवं शासकीय परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वच्छता गतिविधि के माध्यम से स्वच्छता, श्रमदान और जनभागीदारी का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। अभियान में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बच्चों की सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत किया।


#सेवा_संकल्प_अभियान

04/10/2026

Address

आयुक्त कार्यालय
Jabalpur
482001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Jabalpur Commissioner posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Jabalpur Commissioner:

Shortcuts

Share