26/02/2017
अमेरिका का राष्ट्रवाद हमारे वाले से ज्यादा फ़ास्ट, ज्यादा खतरनाक है !!
ग्लोब के गोले को पूरी तरह जो चीजें प्रभावित करती हैं उनमें से एक है ग्लोबल वॉर्मिंग. और दूसरा अमेरिका. वहां कुछ भी होता है तो दुनिया को कुछ न कुछ फर्क पड़ता है क्योंकि अमेरिका की हर फटे में टांग है. जैसे हम लोकल लेवल पर कोई हादसा, धमाका वगैरह होने पर कहते हैं “इसमें ISI का हाथ है”, वैसे ही दुनिया में कहीं कुछ बुरा होता है तो कहा जाता है “इसके पीछे CIA है.” कहा भी क्यों न जाए, दुनिया की सबसे पुरानी डेमोक्रेसी है. इत्ता विकसित देश है. दुनिया का दादा कहा जाता है. उसकी सबसे कुख्यात खुफिया एजेंसी है CIA. अमेरिका में लोग दबी जुबान कहते हैं कि जो अपने प्रेसिडेंट की नहीं हुई वो और किसी की क्या होगी? वो मरहूम राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी की बात करते हैं. खैर वो दौर बीत गया, जमाने चले गए. आज अमेरिका हुंकार रहा है. एक ही देश में दो फाड़ हो रखा है. डॉनल्ड ट्रंप जीत तो गए, लेकिन बड़ी छीछालेदर मची हुई है. रोज कमबखत दो चार हैशटैग उनके विरोध में ट्रेंड होता ही रहता है.
लेकिन उससे हमें क्या? हमने तो अपना काम किया. हमने उसे जिताने के लिए हवन किया. हमको ये नहीं पता था कि वो विकास में हमारा क्या सहयोग करेगा. गैस, तेल वगैरह में उसकी क्या नीति रहेगी? आतंकवाद से निपटने में हमारा कैसे साथ देगा? पाकिस्तान के लिए उसके दिमाग में क्या इलाज है? वैज्ञानिक प्रयोगों में हमारा साथ देगा-लेगा कि नहीं? हमको कुछ नहीं पता था. हमको ये पता था कि ट्रंप को मुसलमानों से नफरत है. आते ही उनको ठीक कर देगा. हम यही तो चाहते थे. हम एक रोटी कम खाएंगे, भूखे रह लेंगे लेकिन इनकी औकात बताकर रहेंगे. अगर ट्रंप हमारा काम करने को तैयार है तो वो कितना भी घिनौना हो, महिलाओं के बारे में उसकी सोच कितनी गिरी हुई हो. हमें उसका सपोर्ट करना ही था, इसलिए उसकी जीत के लिए हवन किया. देखो भगवान ने हमारी सुन ली.
हमको इसका फायदा भी तुरंत देखने को मिला. वहां के धृत-राष्ट्रवादियों…मतलब राष्ट्रवादियों के खून की दौड़ तेज हो गई है. वो इतना एक्साइटेड थे कि हमारे लोगों पर ही नस्ली हमला कर दिया. गोली बारी में भारतीय इंजीनियर श्रीनिवास कुचीभोटला मारा गया. उसने अपनी पत्नी से बता रखा था “अमेरिका में अच्छी चीजें भी होती हैं.” खैर हमारे शास्त्रों के मुताबिक तो जीवन मृत्यु सब संसार का नियम है. तुलसीदास जी ने भी लिखा है “हानि लाभ जीवन मरन जस अपजस विधि हाथ.” फिर भी उनको मारने से पहले एक बार चेक तो करना चाहिए कि जिसको हम अमेरिका से बाहर भगा रहे हैं कहीं वो हिंदू तो नहीं है, जिसके धर्म वालों ने हवन करके ट्रंप को राष्ट्रपति बनवाया है. Copied