26/05/2026
गाजियाबाद। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवारा कुत्तों के आतंक पर अंकुश लगाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम इनके माइक्रो चिप लगाने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने कंपनी का चयन भी कर लिया है। एक कुत्ते के चिप लगाने में करीब 200 रुपये का खर्च आएगा।
नगर निगम क्षेत्र में करीब 60 हजार कुत्ते हैं। ऐसे में नगर निगम आवारा कुत्तों में माइक्रो चिप लगाने में लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये खर्च करेगा। इस माइक्रो चिप की खासियत यह है कि इसे स्कैन करते ही कुत्ते के बंध्याकरण से लेकर उसके वैक्सीनेशन की पूरी जानकारी मिल जाएगी। जल्द ही आवारा कुत्तों के माइक्रो चिप लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
अभी हाल ही में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों से इन्हें हटाया जाए और खूंखार कुत्तों की पहचान कर उन्हें शेल्टर होम रखा जाए। इसी के तहत गाजियाबाद नगर निगम इन आवारा कुत्तों के चिप लगाने जा रहा है। गाजियाबाद नगर निगम में 100 वार्ड हैं। नगर निगम हर वार्ड के आवारा कुत्तों के यह माइक्रो चिप लगाएगा। इस कार्य करने में निगम को करीब एक से डेढ़ साल तक का समय लग जाएगा।
माइक्रो चिप लगाने के साथ ही नगर निगम ने कुत्तों के वैक्सीनेशन का भी टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके लिए कंपनी का चयन किया जा चुका है। नगर निगम कुत्तों के वैक्सीनेशन पर भी करीब एक करोड़ दस लाख रुपये खर्च करेगा। इस कार्य को करने में भी नगर निगम को करीब एक से डेढ़ साल का समय लग जाएगा।