25/12/2025
दिनांक 17.12.2025 को कलेक्टरेट महिला एव बाल विकास सभागार मे समेकित बाल संरक्षण योजना के अंतर्गत ग्वालियर में साइबर सुरक्षा एवं बाल तस्करी जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं समसामयिक विषयों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों/कर्मचारियों को साइबर अपराधों से सुरक्षा तथा बाल तस्करी की रोकथाम, पहचान एवं कानूनी प्रक्रिया के संबंध में जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (CWC), किशोर न्याय बोर्ड (JJB), बाल देखभाल संस्थानों (CCI) के अधीक्षक एवं केयर टेकर, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), चाइल्ड हेल्पलाइन स्टाफ, श्रम विभाग के निरीक्षक तथा विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती उपासना राय द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्य, आवश्यकता एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर माध्यमों के बढ़ते उपयोग के कारण बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
साइबर सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण साइबर सेल के टीआई श्री धर्मेंद्र शर्मा द्वारा दिया गया। उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, जैसे सोशल मीडिया के दुरुपयोग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग एवं बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की जानकारी दी तथा इनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
बाल तस्करी विषय पर श्री आलोक बेंजामिन द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बाल तस्करी की पहचान, इसके कारण, रोकथाम के उपाय, पीड़ित बच्चों के पुनर्वास तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला के अंत में श्री मनीष सिंह ,प्रभारी ICPS द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के साथ अनुभव साझा करने एवं प्रश्नोत्तर सत्र के साथ किया गया।