07/11/2022
"राष्ट्रीय योग वीर सम्मान समारोह - 2022"- नई दिल्ली
(09 नवम्बर 2022 – लाजपत ऑडिटोरियम् नई दिल्ली)
-: अथ सम्मान-समारोह-अनुशासनम् :-
(अनुशासन की दृष्टि से पालनीय नियमावली)
समादरणीय योग वीर वीरंगनाओं एवं योग सेनापतियों !
हम सभी के लिए बहुत ही गौरव का विषय है कि योग शिक्षकों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा हेतु संकल्पित एवं संकल्पों को साकार करने हेतु निरंतर क्रियाशील अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ ABYOGASMS FOUNDATION द्वारा अपने संकल्पों की सम्पूर्ति की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए देश की राजधानी दिल्ली में (दि. 09 नवंबर 2022 को) आयोजित होने वाले "राष्ट्रीय योग वीर सम्मान समारोह - 2022" के शुभ अवसर पर निम्नलिखित योग वीर योग वीरांगनाओं एवं योग सेनापतियों को उनके अनुकरणीय योगदान हेतु "राष्ट्रीय योग वीर सम्मान" से सम्मानित किया जाएगा । महासंघ की ओर से आप सभी को योगमय व स्वस्थ जीवन एवं मंगलमय भविष्य ढेर सारी शुभकामनाएँ । भविष्य में भी योग को जन-जन का अभियान बनाने में अपना अमूल्य योगदान प्रदान कर जीवन को धन्य बनायें ।
मित्रों महासंघ ने हमारे सम्मान के लिए इस भव्य समारोह का आयोजन किया है तो इस सम्मान व गरिमा को बनाये रखने का उत्तरदायित्व हमारा है । ये हमारे अपने परिवार का आयोजन है । और समारोह स्थल पर पहुँचकर हम सभी योगदर्शनम् के प्रथम सूत्र अथ योगानुशानम् को अपने व्यवहार से सिद्ध करके दिखाएँ । आप सभी सुधी योगगुरु योगाचार्य, योग शिक्षक आदि सम्मान जनक पदवी को सुशोभित करने वाले योग वीर, योग वीरांगना, योग सेनापति हैं । अतः आपके लिए अनुशासन के उपदेश या निर्देश देने की आवश्यकता नहीं लग रही है, पुनरपि कुछ संकेतात्मक अनुशासन के निर्देश यहाँ दिये जा रहे हैं ।
साररूप से कहें तो जिस अनुशासन शब्द से ही योग का प्रारम्भ होता है, उसे हम सभी अपने व्यवहार से सिद्ध करके दिखाएँ । कार्यक्रम के समापन के बाद हमारे गणमान्य अतिथि भी कहें कि अनुशासन हो तो महासंघ के योग वीर वीरांगनाओं जैसा हो, ये दृष्टान्त हम प्रस्तुत करें । कार्यक्रम को सुचारु रूप से सम्पन्न करवाने के लिए अपेक्षित सभी प्रकार के अनुशासन का पालन आप सभी योग प्रतिनिधियों से अपेक्षित है । कुछ संकेतात्मक निर्देश हम यहाँ कर रहे हैं –
महासंघ द्वारा सम्मान हेतु निमंत्रित सभी योग वीर / वीरांगनाएँ (सभी अवार्डी) 8:15 से 9:00 (सवा आठ से नौ) बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुँच जाएँ । कार्यक्रम सम्पन्न होने से पूर्व कार्यक्रम स्थल न छोडें ।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करते ही पंजीकरण पटल (रजिस्ट्रेशन काउंटर) पर जाकर अपनी उपस्थिति का पंजीकरण व प्रमाणन करवा लें ।
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के समय अपने साथ ये डोक्यूमेंट्स अवश्य साथ रखें – महासंघ में पंजीकरण (सदस्यता पत्रक) का प्रिंट आउट, आधार कार्ड की जेरोक्स कॉपी कार्यक्रम स्थल पर जमा करवाना होगा व ऑरिजनल आधार कार्ड दिखाना होगा । सुरक्षा व अनुशासन की दृष्टि से ये सभी के लिए अतीव अनिवार्य है । इसमें किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी । किसी भी प्रकार की छूट मांगकर व्यवस्थापकों को लज्जित न करें । ध्यान रखें – अनुशासन हमारी पहचान व हमारा सम्मान है ।
कार्यक्रम स्थल पर हमारी सहायता के लिए तत्पर स्टाफ व व्यवस्थापक हमारे जैसे ही सम्माननीय मनुष्य हैं, हमारे ही भाई-बन्धु हैं । उनके साथ भी शालीनता व शिष्टाचार से व्यवहार करें और पूछने पर यथोचित सहयोग करें व सहयोग प्राप्त करें ।
बिना सदस्यता वाले योग वीर वीरांगनाओं की सुविधार्थ कार्यक्रम स्थल पर सदस्यता ग्रहण की व्यवस्था रहेगी, जहाँ जाकर सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं ।
स्वास्थ्य विषयक अथवा अन्य किसी भी प्रकार की समस्या / असुविधा होने पर धैर्य व सजगता के साथ पंजीकरण काउंटर पर उपस्थित स्वयंसेवकों को सूचित कर उनसे सहयोग प्राप्त करें । हमारी अधीरता से उन्हें अनावश्यक कष्ट न दें ।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँच कर अपने पूर्ण अनुशासित होने का परिचय दें । किसी भी प्रकार की अनुशासन हीनता न करें या अनुशासन हीनता का परिचय न दें ।
पंजीकरण के पश्चात् कार्यक्रम स्थल पर सभी (सम्मान्य योग वीर / वीरांगनाएँ) अवार्डी अपने लिए निर्धारित स्थान पर ही बैठें ।
कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित अतिथियों के स्थान / कुर्सी पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें ।
आमंत्रित अतिथियों के पास जाकर फोटो खिंचवाने के चक्कर में अनुशासन का उल्लंघन न करें । वे अतिथि आपको व हमें सम्मानित करने के लिए आ रहे हैं । अतः उनके आदर व सम्मान में हमारा सम्मान निहित है, इस बात का ध्यान रखें ।
Guest of Honor, VIP VVIP आदि के लिए निर्धारित स्थान / Chair पर निर्दिष्ट अतिथियों के अतिरिक्त कोई भी प्रवेश न करें ।
सम्मान प्रदान करने के लिए महासंघ की ओर से बनाई गई व्यवस्था का पूर्णतया पालन स्वयं भी करें व व्यवस्थापक मंडल को भी सहयोग करे ।
आप इतने दूर से सम्मान प्राप्त करने आ रहे हैं तो, मुझे जल्दी है, मेरी ट्रेन / फ्लाईट / बस आदि का समय हो चुका है, इत्यादि शब्दों का प्रयोग करके व्यवस्थापक मंडल को / स्वयं को भी लज्जित न करें । आपका सम्मान हमारा सम्मान है ।
व्यववस्था में तात्कालिक कष्ट अवश्य हो सकता है पर परिणाम सुखकर होता है, इसे सदैव ध्यान रखें ।
इस समय दिल्ली में हल्की ठंडी का प्रारम्भ हो चुका है, अतः यात्रा के समय समयोचित गरम वस्त्र व आवश्यक सामग्री साथ लेकर चलें, जिससे आपको असुविधा का सामना न करना पडे ।
यद्यपि कार्यक्रम स्थल पर सभी योग अनुरागी स्वजनों को ही निमंत्रित किया है, पुनरपि अपने साथ मूल्यवान वस्तुएँ आभूषण व धनराशि सहित अपने सामान को स्वयं के उत्तरदायित्व से संभालकर रखें । कहीं भी इधर उधर न रखें । किसी को भी सौंपते हैं तो अपने व्यक्तिगत उत्तरदायित्व से सौंपे । महासंघ का इसमें कोई उत्तरदायित्व नहीं होगा ।
महासंघ के पूर्ण अनुशासन के बाद भी कार्यक्रम में उपस्थित महानुभावों से परस्पर परिचय, आदान-प्रदान अथवा व्यवहार अपने उत्तरदायित्व से व विवेकपूर्वक / समजदारी से करें ।
यदि किसी महानुभाव की कोई चिकित्सा यो उपचार चल रहा है तो अपेक्षित औषध आदि व्यवस्था स्वयं के उत्तरदायित्व से साथ लेकर चलें । जिससे आपकी ये यात्रा निर्विघ्न व प्रसन्नता पूर्वक सम्पन्न हो सके ।
कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध जलपान की व्यवस्था के समय भी स्थान की पवित्रता / स्वच्छता व अपेक्षित अनुशासन बनाएँ रखें ।
अपने साथ लाई हुई खाद्य सामग्री को उचित समय देखकर आप शालीनता व अनुशासन से खा सकते हैं। उसके बाद अनुपयोगी अवशिष्ट / कचरा आदि अवकर पात्र (कूडेदान) में ही डालें । इधर-उधर न फेंके ।
कार्यक्रम स्थल पर किसी भी पदार्थ / वस्तु या पेड़-पौधों को हमारे किसी व्यवहार से हानि न पहुँचे, इसे अपना कर्त्तव्य समझकर सहयोग करें ।
हमारे व्यवहार से किसी को कष्ट न पहुँचे और किसी के व्यवहार से हमें भी कोई तकलीफ न हो इस विषय में जागरुकता बरतें व अनुशासन का पालन करें ।
यद्यपि इतने विस्तार से समझाने की आवश्यकता नहीं है, फिर भी हमारा व्यवस्थापक मंडल आपकी सुविधार्थ कितना जागरुक है, इसे आप इन बातों से समझ सकते हैं, इसके लिए आपका भी स्नेह पूर्ण सौजन्य मिल जाए तो निस्सन्देह हम सबके लिए इससे बड़ा सौभाग्य क्या होगा । हमें लगता है कि आप हमारे इन अनुशासन विषयक बिंदुओं से सहमत होंगे । हमारा पूर्ण विश्वास है कि कार्यक्रम को अनुशासित बनाये रखने में हमें आपका पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा ।
आपका अपना –
अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ
ABYOGASMS FOUNDATIO