04/04/2022
मिड डे मील रसोइयें सरकार के बंधुआ मजदूर
ना काम का कोई नियम ना कोई मुआवजा नीति
उत्तर प्रदेश सरकार की उपेक्षा और शिक्षा विभाग की लापरवाही से मिड डे मील बनाने वाली रसोइया की आग से जलकर मौत
लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी विकास खंड के गाँव सहदेव स्थित कंपोजिट विद्यालय में शनिवार की सुबह करीब नौ बजे गांव निवासिनी रसोइया अनीता (34) खाना बनाने के लिए किचन में गईं, तो वहां पर गैस सिलिंडर का पाइप लीक था। उन्होंने गांव के एक लड़के से पाइप मंगवाकर सिलिंडर में लगाया। जब उन्होंने चूल्हा जलाना चाहा तो अचानक ही पूरे किचन में आग भड़क गई। रसोइया अनीता अपना बचाव तक न कर सकीं और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनते ही स्कूल के बच्चे और शिक्षक वहां से भाग गए। आसपास के लोगों ने उन्हें किचन से बाहर निकाला, तब तक वह बहुत झुलस चुकी थीं। किचन से बाहर निकालकर घरवालों को सूचना दी गई। रसोइया का पति संजय एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी ले गया, जहां डॉक्टरों ने अनीता की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल, शाहजहांपुर रेफर कर दिया।
झुलसी अनीता को लेकर जा रही एंबुलेंस अभी 13 किमी दूर मछेछा गांव के पास पहुंची ही थी कि अनीता ने दम तोड़ दिया। उसके शव को सीएचसी लाया गया, जहां पर काफी देर तक पूछताछ का सिलसिला चलता रहा। उधर, मामला सरकारी स्कूल से जुड़ा होने के चलते एसडीएम पंकज श्रीवास्तव व सीओ अरविंद वर्मा स्कूल पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी की।
मृतका के पति संजय ने स्कूल के शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी शिक्षकों-रसोइयों को मिलकर उसकी पत्नी को आग से बचाना चाहिए था, लेकिन सभी लोग मौके से भाग गए। आग बुझाने वाले सभी उपकरण खाली थे, यहां तक बाल्टी में बालू भी नहीं थी।
संविलियन विद्यालय सहदेवा में शिक्षक शहबान इलाही, सीमा यादव और दो शिक्षामित्र, दो अनुदेशक, प्रधानाध्यापक अरुणलता गुप्ता, नसीम अहमद, यासमीन फातिमा, अखिलेश कुमार मौजूद थे। प्राइमरी सेक्शन में करीब 171 बच्चे हैं और जूनियर सेक्शन में 178 बच्चे हैं। सभी बच्चों का खाना एक किचन में बनता हैं, जिसमें अनीता आज सब्जी और चावल बनाने के लिए तैयारी कर रही थी।
बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने घटना की सूचना मिलने के बाद मोहम्मदी जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। बीएसए ने बताया कि विद्यालय में अरुण लता गुप्ता प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। घटना से प्रतीत होता है कि प्रधानाध्यापिका द्वारा रसोईघर में रखे गैस सिलिंडर एवं अन्य सामग्रियों का रख-रखाव सही तरीके से नहीं किया जाता है और न ही गैस चूल्हा जलाने से पूर्व चेक किया जाता है, जो अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता है। इसलिए प्रधानाध्यापिका को प्रथम दृष्टया दोषी पाते हुए उन्हें निलंबित किया जाता है।
बीएसए ने निलंबन अवधि में प्रधानाध्यापिका को कंपोजिट विद्यालय शिवनगरा से संबद्घ कर दिया है। साथ ही कुंभी के बीईओ देवेश राय, बिजुआ के बीईओ शोभनाथ यादव और एमडीएम समन्वयक ऋतुराज सिंह की तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है, जो पूरे मामले की जांच कर आख्या बीएसए को सौंपेंगे। बीएसए ने बताया कि मृतक रसोइया अनीता के पांच बच्चों तीन लड़की व दो लड़कों के नाम एक-एक लाख धनराशि की बैंक में एफडी कराई जाएगी। मृतक आश्रित को संविदा के आधार पर नौकरी दी जाएगी
मिड डे माल रसोइया यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष veena गुप्ता ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए मांग की है कि frontline वर्कर्स को मिलने वाला 50 लाख का
मुआवजा परिवार को दिया जाए .