25/05/2026
गुनघसा में “विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान सह वार्षिक वर्षगाँठ समारोह” का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
गुनघसा, 24 मई। गोस्वामी समाज कल्याण समिति, गुनघसा के बैनर तले रविवार को मध्य विद्यालय प्रांगण, गुनघसा में “विद्यार्थी प्रतिभा सम्मान सह वार्षिक वर्षगाँठ समारोह” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के चित्र पर माल्यार्पण एवं शिव वंदना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री सरजु प्रसाद गोस्वामी (महासचिव, गोस्वामी समाज बोकारो), श्री अशोक पारस (उपाध्यक्ष, गोस्वामी समाज बोकारो एवं निदेशक, गोस्वामी क्लासेस), श्री शंकर गोस्वामी (बरवाडीह) तथा श्री देवी लाल गोस्वामी (बालीडीह, बोकारो) उपस्थित रहे। वहीं समिति की ओर से संरक्षक श्री महेन्द्र नाथ गोस्वामी ‘सुधाकर’, अध्यक्ष श्री नितिश नाथ, उपाध्यक्ष श्री मुन्ना गोस्वामी, सचिव श्री मानिक चंद गोस्वामी, कोषाध्यक्ष श्री प्रभु दयाल गोस्वामी, शिक्षा प्रमुख श्री प्रभु नाथ गोस्वामी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना तथा उनकी उच्च शिक्षा, मार्गदर्शन एवं भविष्य निर्माण के लिए सहयोग प्रदान करना था।
मुख्य अतिथि श्री अशोक पारस ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पढ़ाई एवं कैरियर से जुड़े किसी भी मार्गदर्शन या सहयोग के लिए वे सदैव उपलब्ध रहेंगे।
श्री सरजु प्रसाद गोस्वामी ने अपने अभिभाषण में विद्यार्थियों को लगातार मेहनत करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा समाज और परिवार का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
समिति के अध्यक्ष श्री नितिश नाथ ने अपने वक्तव्य में समाज के लोगों से अधिक जागरूक होने, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा एकजुट होकर समाज को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। यदि समाज संगठित रहेगा, तो किसी भी व्यक्ति की परेशानी में पूरा समाज उसके साथ खड़ा रहेगा।
समिति के उपाध्यक्ष श्री मुन्ना गोस्वामी, सचिव श्री मानिक चंद गोस्वामी, कोषाध्यक्ष श्री प्रभु दयाल गोस्वामी एवं शिक्षा प्रमुख श्री प्रभु नाथ गोस्वामी ने भी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व, सामाजिक जागरूकता तथा संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा सामूहिक रूप से समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
वरिष्ठ सहयोगी श्री बिशुन गोस्वामी, श्री सुंदर लाल गोस्वामी तथा श्री जगदीश गोस्वामी ने भी अपने विचार रखते हुए समाज में भाईचारा, सहयोग और आपसी सद्भाव बनाए रखने की आवश्यकता बताई। श्री जगदीश गोस्वामी ने अपने संबोधन में शायरी के माध्यम से समाज को जागरूक एवं एकजुट रहने का संदेश दिया।
समिति के संरक्षक श्री महेन्द्र नाथ गोस्वामी ‘सुधाकर’ ने भगवान महादेव के परिवार का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान शिव के परिवार में भिन्न-भिन्न स्वभाव एवं विरोधाभासी प्रतीकों के बावजूद सभी प्रेम एवं सामंजस्य के साथ रहते हैं, उसी प्रकार समाज को भी व्यक्तिगत मतभेदों एवं लाभ-हानि से ऊपर उठकर संगठित रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में शिशिल कुमार गोस्वामी (88.40%) को प्रथम, अर्जुन गोस्वामी (87.60%) को द्वितीय एवं देवराज गोस्वामी (85.60%) को तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा नीरज गोस्वामी, नीतेश गोस्वामी, बुलबुल कुमारी, अभिषेक कुमार गोस्वामी, चैतु गोस्वामी, तन्नु कुमारी एवं रूपाली कुमारी सहित कई छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
समिति की प्रथम वर्षगाँठ के अवसर पर समाज के प्रति समर्पण, सेवा भाव एवं सक्रिय सहभागिता के लिए श्री विजय गोस्वामी को “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाज के अनेक सदस्य, अभिभावक, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम में सूरज कुमार गोस्वामी, शंकर गोस्वामी, बिगन गोस्वामी, हीरा गोस्वामी, बिशुन गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, मोहन गोस्वामी, गजेन्द्र गोस्वामी, जितेन्द्र गोस्वामी, चेतलाल गोस्वामी, डिलू गोस्वामी, अर्जुन गोस्वामी, चैतु गोस्वामी, नीरज कुमार गोस्वामी, महेन्द्र कुमार गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, नीतेश गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, देवराज गोस्वामी, विजय गोस्वामी, अंकित कुमार, तपन गोस्वामी, भागीरथ गोस्वामी, त्रिवेणी गोस्वामी, सुंदर लाल गोस्वामी, कन्हाई गोस्वामी, मुन्ना गोस्वामी, देवजानी देवी, गुड़िया देवी, ललिता देवी, पूजा देवी, सीता देवी, बाला देवी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य, अभिभावक, महिलाएं एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।