19/03/2026
*पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन की संवेदनशील सोच से नशा मुक्ति अभियान बना जनआंदोलन*
*अग्रवाल समाज फतेहाबाद ने दिया अनुकरणीय योगदान, नशा ग्रस्त युवाओं के उपचार हेतु ₹30,000 की दवाइयाँ भेंट*
फतेहाबाद, 19 मार्च। *पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन, आईपीएस* की दूरदर्शी एवं संवेदनशील सोच के परिणामस्वरूप फतेहाबाद जिला आज नशा मुक्त समाज की ओर मजबूती से अग्रसर है। एक ओर जहां फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, वहीं दूसरी ओर “ऑपरेशन जीवन ज्योति” अभियान के तहत नशा ग्रस्त युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का मानवीय कार्य भी निरंतर किया जा रहा है। नशा मुक्ति टीम द्वारा लगातार नशे की लत में फंसे युवाओं से संपर्क स्थापित कर उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है, उन्हें उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है तथा सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर उन्हें सम्मानजनक और सामाजिक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया गया है।
*पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन* की इसी प्रेरणादायी सोच से अब समाज के जिम्मेदार एवं समाजसेवी संगठन भी इस पवित्र मुहिम में आगे आने लगे हैं। इसी कड़ी में अग्रवाल समाज फतेहाबाद ने एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल करते हुए नशा ग्रस्त युवाओं के उपचार हेतु अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। *अग्रवाल समाज के प्रधान मनोज गर्ग* ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा अपने खर्च से पुलिस लाइन फतेहाबाद स्थित सभागार हॉल में करीब ₹30,000 मूल्य की होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक दवाइयों का “लंगर” लगाकर नशा मुक्ति अभियान को समर्पित किया। इन दवाइयों का उपयोग नशा पीड़ित युवाओं के उपचार एवं पुनर्वास में किया जाएगा, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।इस अवसर पर डीएसपी कुलवन्त सिंह, नशा मुक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुन्दर लाल, अग्रवाल समाज के सरंक्षक वेद प्रकाश मंगल , प्रधान मनोज गर्ग, उप प्रधान देशराज बंसल, सचिव ललित गोयल, उप सचिव सुनिल गोयल, कोषाध्यक्ष अमित बंसल, वरिष्ठ सदस्य निरंजन ऐरन , अमित गर्ग, गौरव बंसल व मडिया प्रभारी दिनेश बंसल सहित नशा मुक्ति टीम के अन्य पुलिस कर्मचारी भी उपस्थित रहे।