06/09/2026
माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत शासकीय चंद्र विजय महाविद्यालय, डिंडोरी में पर्यावरण जागरूकता एवं माटी गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गणेश उत्सव को पर्यावरण-अनुकूल बनाने तथा मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के उपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में नर्मदा समग्र के जिला समन्वयक श्री दिनेश साहू ने माटी गणेश की अवधारणा एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों से गणेश उत्सव के दौरान मिट्टी से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को शुद्ध मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतिमा की साज-सज्जा एवं प्राकृतिक रंगों के लिए पत्तियां, दाल, चावल, हल्दी, आटा सहित अन्य प्राकृतिक सामग्री के उपयोग के बारे में बताया गया। प्राकृतिक सामग्री के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में भी सहयोग मिलेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि नवांकुर संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में माटी गणेश की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक डिंडोरी श्री गणेश सिंह राजपूत, श्री गौरी शंकर बर्मन, श्री भीखम सिंह धुर्वे, श्री जगदीश मरावी, श्री अजय ठाकुर एवं श्री मनोज मार्को सहित सीएमसीएलडीपी मेंटर श्री प्रकाश सिंह राजपूत, श्री ब्रजमोहन हनुमंत, श्री ललित कुमार, श्री रतन लाल बेलिया एवं श्री रघुनाथ सिंह चंदेल उपस्थित रहे। सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वक्ताओं ने कहा कि माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। मिट्टी की प्रतिमाओं को अपनाने से जल स्रोतों में होने वाले प्रदूषण को कम करने तथा समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं सहभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ जल स्रोतों तथा पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इसी क्रम में सीएमसीएलडीपी के नवांकुर छात्र-छात्राओं एवं मेंटर्स द्वारा पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया।