30/05/2026
यूसीसी
छतरपुर में समान नागरिक संहिता पर जनपरामर्श बैठक सम्पन्न
समिति के सदस्य कानूनविद अनूप नायर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक
विभिन्न वर्गों एवं नागरिकों ने रखे अपने सुझाव
--------
मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण हेतु विधि विभाग द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति के जनपरामर्श एवं सुझाव कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सांदीपनि विद्यालय छतरपुर में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। जिसका शुभारंभ दीपप्रज्जवल के साथ हुआ था।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल, एसपी श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम श्री प्रशांत अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री कौशल सिंह, पीओडूडा साजिदा कुरैशी, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित अन्य अधिकारी जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, प्रबुद्ध नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों, तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए समान नागरिक संहिता के विभिन्न आयामों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए।
बैठक की अध्यक्षता उच्च स्तरीय समिति के सदस्य एवं कानूनविद् अनूप नायर ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को समान नागरिक संहिता की अवधारणा, उसके संवैधानिक आधार, उद्देश्य तथा समाज पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनपरामर्श प्रक्रिया का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए व्यापक सुझाव प्राप्त करना है, ताकि अध्ययन एवं परीक्षण की प्रक्रिया तथ्यपरक, संतुलित और समावेशी बन सके।
बैठक के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, गोद लेने तथा पारिवारिक कानूनों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। कई प्रतिभागियों ने सामाजिक समानता, न्यायिक एकरूपता और महिलाओं के अधिकारों की दृष्टि से समान नागरिक संहिता की उपयोगिता पर विचार रखे, वहीं विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। सभी सुझावों की वीडियोग्राफी कराई गई और संकलित किया गया। जनपरामर्श कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के मत, अपेक्षाओं और सुझावों को समाहित कर एक ऐसी व्यापक रिपोर्ट तैयार करना है, जो समान नागरिक संहिता के संबंध में संतुलित एवं व्यवहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सके। नागरिक समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने सुझाव वेबसाइट ucc.mp.gov.in के माध्यम से भी भेज सकते हैं।