District Magistrate Chamoli

District Magistrate Chamoli This is the official page of District Administration Chamoli. It gives the public interest information.

It is a platform from where the peoples of Chamoli will know what steps the administration or government taken for their welfare.

चमोली, 02 जून 2026 (सू.वि.)*चारधाम यात्रा में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़, ओवरस्पीडिंग व बाइकर्स पर रहेगी विशेष...
02/06/2026

चमोली, 02 जून 2026 (सू.वि.)

*चारधाम यात्रा में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़, ओवरस्पीडिंग व बाइकर्स पर रहेगी विशेष निगरानी*

*मानसून से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने ली समीक्षा बैठक*

आगामी मानसून सीजन एवं चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व सभी विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर स्थित सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध रहे, जिससे यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने पुलिस विभाग एवं एआरटीओ को यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पीपलकोटी, हाथीपहाड़ सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर अनाधिकृत पार्किंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा बाइक सवार यात्रियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेज गति एवं यातायात नियमों का उल्लंघन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है, इसलिए ऐसे मामलों में नियमित अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से बाइकर्स की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में होटल, रेस्टोरेंट एवं ढाबों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच हेतु नियमित सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने श्री बद्रीनाथ धाम एवं पैदल यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई एवं पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, यात्रा मजिस्ट्रेट श्री बद्रीनाथ तीरथ पाल सिंह, अपरज़िलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

चमोली , 02 जून 2026 (सू.वि.)*नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 : सीमांत नीति घाटी में साहस, समन्वय और विकास की नई उड़ान*उत्...
02/06/2026

चमोली , 02 जून 2026 (सू.वि.)

*नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 : सीमांत नीति घाटी में साहस, समन्वय और विकास की नई उड़ान*

उत्तराखंड के चमोली जनपद की दुर्गम, सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नीति घाटी में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का सफल आयोजन राज्य के साहसिक पर्यटन इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में 31 मई से 02 जून तक आयोजित इस भव्य आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और साहस का परिचय दिया, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन विकास, स्थानीय सहभागिता और नागरिक-सैन्य समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत किया।

हिमालय की ऊँची चोटियों, बर्फीली हवाओं और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आयोजित यह अल्ट्रा रन अपने आप में अद्वितीय रहा। नीति घाटी, जो लंबे समय तक केवल सामरिक दृष्टि से पहचानी जाती रही, अब साहसिक पर्यटन और उच्च हिमालयी खेल गतिविधियों के एक उभरते केंद्र के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। इस आयोजन ने यह साबित किया कि सीमांत क्षेत्रों में भी विश्वस्तरीय एडवेंचर इवेंट सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकते हैं।

उत्तराखंड पर्यटन विभाग और भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन, 42 किलोमीटर मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर रन, 5 किलोमीटर तथा एमटीबी चैलेंज प्रतिस्पर्धा जैसी विभिन्न श्रेणियों में आयोजित किया गया।

प्रतिभागियों को समुद्र तल से हजारों फीट ऊँचाई पर कम ऑक्सीजन, कठिन चढ़ाई, पथरीले मार्ग और लगातार बदलते मौसम जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इन कठिन चुनौतियों के बावजूद प्रतिभागियों ने अदम्य साहस, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिचय दिया।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन के बीच उत्कृष्ट समन्वय रहा। सीमित संसाधनों और कठिन पहुंच वाले नीति घाटी क्षेत्र में भारतीय सेना ने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सेना द्वारा प्रतिभागियों के लिए टेंट व्यवस्था, भोजन, चिकित्सा सहायता, मार्ग सुरक्षा, संचार नेटवर्क तथा आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं अत्यंत व्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं। सेना के अनुशासन और प्रशासन की योजनाबद्ध कार्यशैली ने पूरे आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रभावशाली बनाया।

चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्थाओं की दृष्टि से भी यह आयोजन अत्यंत मजबूत और संवेदनशील रहा। उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को ध्यान में रखते हुए पूरे रूट पर विभिन्न स्थानों पर मेडिकल पोस्ट स्थापित किए गए थे। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ-साथ ऑक्सीजन सिलेंडर, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन निकासी की व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।

प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की गई, जिससे किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का स्थानीय समुदाय पर भी अत्यंत सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रतिभागियों, पर्यटकों और आयोजन से जुड़े लोगों के कारण स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। होमस्टे संचालकों, स्थानीय दुकानदारों, परिवहन सेवाओं, भोजन व्यवस्थाओं और गाइड सेवाओं से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। विशेष रूप से स्थानीय युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर एक सामुदायिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

यह आयोजन सीमांत गांवों में आत्मविश्वास और विकास की नई ऊर्जा लेकर आया है। स्थानीय लोगों ने महसूस किया कि उनके गांव और संस्कृति अब राष्ट्रीय मंच पर पहचान बना रहे हैं। प्रतिभागियों और पर्यटकों ने नीति घाटी की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण, पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य की खुलकर सराहना की। इससे क्षेत्र की सकारात्मक छवि देशभर में मजबूत हुई है।

नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026, केंद्र सरकार की “वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज” पहल की भावना के अनुरूप एक प्रभावी कदम के रूप में सामने आया है। सीमांत क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन केवल पर्यटन गतिविधियों को ही बढ़ावा नहीं देते, बल्कि वहां के लोगों में राष्ट्रीय एकता, आत्मविश्वास और विकास की भावना को भी सशक्त करते हैं। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि यदि मजबूत योजना, प्रभावी समन्वय और संसाधनों का उचित उपयोग किया जाए तो देश के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में भी बड़े स्तर के आयोजन सफलतापूर्वक किए जा सकते हैं।

इस आयोजन ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म की नई पहचान देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इससे स्थानीय लोगों के लिए स्थायी रोजगार के अवसर विकसित होंगे और सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी।

भविष्य में इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित करने की भी व्यापक संभावनाएं हैं। नीति घाटी की प्राकृतिक भौगोलिक परिस्थितियां, हिमालयी ट्रैक, ऊँचाई और साहसिक वातावरण इसे वैश्विक स्तर के एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन के लिए उपयुक्त बनाते हैं।

“नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि साहस, समर्पण, समन्वय और विकास का एक प्रेरणादायी अभियान बनकर उभरा है। इस आयोजन ने यह संदेश दिया है कि सीमांत क्षेत्र केवल सुरक्षा की दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे पर्यटन, संस्कृति, खेल और विकास की अपार संभावनाओं से भी भरपूर हैं। नीति घाटी में आयोजित यह ऐतिहासिक आयोजन आने वाले समय में नई संभावनाओं, नए अवसरों और सीमांत विकास के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में याद किया जाएगा।

चमोली, 02 जून 2026 (सू.वि.)*रोमांच, रफ्तार और सीमांत संस्कृति का संगम बना ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’**गमसाली से मलारी त...
02/06/2026

चमोली, 02 जून 2026 (सू.वि.)

*रोमांच, रफ्तार और सीमांत संस्कृति का संगम बना ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’*

*गमसाली से मलारी तक एमटीबी चैलेंज में दिखा प्रतिभागियों का जबरदस्त जज्बा*

सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतिम दिन गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) चैलेंज प्रतियोगिता का रोमांचक आयोजन किया गया।

दुर्गम पहाड़ी रास्तों, चुनौतीपूर्ण ट्रैक और मनमोहक प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

30 किलोमीटर पुरुष एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सूरज राणा मगर दूसरे एवं प्रकाश थापा मगर तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग की 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता में अवनी डरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। संध्या मौर्या दूसरे तथा इंद्रा कुमारी तमांग तीसरे स्थान पर रहीं।

15 किलोमीटर पुरुष एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता में प्रज्जवल चौहान प्रथम, इशांत सिंह अधिकारी द्वितीय तथा अश्विन रौथान तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए कुल 1200 से अधिक प्रतिभागीयों ने हिस्सा लिया। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस एवं साहसिक खेलों के प्रति जागरूक करना है।

पूरे आयोजन के दौरान नीति घाटी खेल, साहस, संस्कृति और पर्यटन गतिविधियों का जीवंत केंद्र बनी रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

01/06/2026

चमोली, 01 जून 2026 (सू.वि.)

*दृढ़ संकल्प के आगे नहीं कोई सीमा: अनुराग रावत ने "नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन" में दिखाई अदम्य इच्छाशक्ति*

*सेरेब्रल पाल्सी को चुनौती देकर अनुराग रावत ने "नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन" में पूरी की 10 किलोमीटर दौड़*

25 वर्षीय अनुराग रावत ने जनपद चमोली में 31 मई से 2 जून तक आयोजित हो रही "नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन" में अदम्य साहस, आत्मविश्वास और अटूट जज्बे का परिचय देते हुए लगभग 1 घंटा 45 मिनट में 10 किलोमीटर की कठिन दौड़ पूरी कर सभी प्रतिभागियों एवं दर्शकों को प्रेरित किया।

“Beyond Limits, Beyond the Canyon” के संदेश को साकार करते हुए अनुराग ने यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

मूल रूप से पौड़ी जनपद के निवासी तथा वर्तमान में दिल्ली में रह रहे अनुराग रावत ने cerebral palsy (सेरेब्रल पाल्सी) जैसी दिव्यांगता के बावजूद नीति घाटी की दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में इस कठिन दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा किया।

चमोली जनपद स्थित नीति घाटी में आयोजित हो रही "नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन" के दौरान नीति घाटी के ऊंचे पहाड़, कठिन रास्ते और सीमित ऑक्सीजन जैसी विषम परिस्थितियों के बीच अनुराग का यह प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।

अनुराग की इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया कि दिव्यांगता किसी व्यक्ति की क्षमता को सीमित नहीं कर सकती। उनके साहस, दृढ़ निश्चय और सकारात्मक सोच ने आयोजन में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरित किया। नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में उनका प्रदर्शन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों से संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणादायक मिसाल बन गया।अनुराग ने बताया कि इससे पूर्व भी उन्होने कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग ले चुके हैं।

अनुराग ने कहा कि “सीमाएं केवल हमारे दिमाग में होती हैं। यदि संकल्प मजबूत हो, तो इंसान अपने शरीर को किसी भी मंजिल तक पहुंचा सकता है।”

“नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के इस भव्य आयोजन में देशभर से उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। सीमांत नीति घाटी में आयोजित इस एडवेंचर स्पोर्ट्स महाकुंभ में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न श्रेणियों की प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अदम्य साहस, उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया।

*चमोली, 1 जून 2026 (सू० वि०)**पर्यटकों के दीदार के लिए खुली फूलों की घाटी*चमोली जनपद में स्थित फूलों की घाटी का अब देशी ...
01/06/2026

*चमोली, 1 जून 2026 (सू० वि०)*

*पर्यटकों के दीदार के लिए खुली फूलों की घाटी*

चमोली जनपद में स्थित फूलों की घाटी का अब देशी और विदेश पर्यटक दीदार कर सकेंगें। सोमावार को नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान ने घाटी को पर्यटकों के दीदार के लिए खोल दी गई है। अब पर्यटक घाटी में आवाजाही कर सकेंगे।

फूलों की घाटी प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकर्स के लिए किसी खजाने से कम नहीं मानी जाती। यहां बड़ी संख्या में हिमालयी जड़ी बूटियाँ और फूल पाये जाते हैं। घाटी की जैव विविधता को देखते हुए यूनेस्को की ओर फूलों की घाटी को विश्व धरोहर में शामिल किया गया है। घाटी के खुलने से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

हर वर्ष की तरह इस बार भी जून महीने के शुरुआती सप्ताह में घाटी को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। आमतौर पर यह घाटी अक्टूबर के अंत तक या बर्फबारी शुरू होने तक खुली रहती है। मानसून के आगमन के साथ यहां फूलों की बहार शुरू होती है, जो जुलाई से सितंबर के बीच अपने चरम पर पहुंचती है। इस दौरान ब्रह्म कमल, ब्लू पोस्ता और कोबरा लिली समेत सैकड़ों दुर्लभ प्रजातियों के फूल घाटी की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।

01/06/2026

चमोली, 01 जून 2026 ( सू.वि.)

*मुख्यमंत्री श्री धामी की नीति घाटी को बड़ी सौगात, सीमांत पर्यटन विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं*

*नीति घाटी में पर्यटन विकास को नई उड़ान, मुख्यमंत्री श्री धामी ने की कई अहम घोषणाएं, बॉर्डर टूरिज्म और होम स्टे विकास को मिलेगा बढ़ावा*

जनपद चमोली की नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के पुरस्कार वितरण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र में पर्यटन विकास को नई गति देने हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आजीविका सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी क्रम में जनपद चमोली के नीति, मलारी, कोशा, फरकिया, बाम्पा, गुरगुटी, कैलाशपुर एवं महरगांव में सामुदायिक सहभागिता आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अंतर्गत सामुदायिक होम स्टे निर्माण के साथ ग्रामीण पर्यटन हेतु आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि नीति घाटी के विभिन्न गांवों एवं प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनज एवं व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त जनपद चमोली के रिमखिम एवं बाड़ाहोती क्षेत्र में बॉर्डर टूरिज्म को विकसित करने के उद्देश्य से ‘सीमा दर्शन केंद्र’ का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने यह भी घोषणा की कि ग्राम गमशाली स्थित दुप्फूधार मैदान में आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन एवं बड़े आयोजनों को बढ़ावा मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री धामी की इन घोषणाओं से नीति घाटी सहित पूरे सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

चमोली, 01 जून 2026 (सू०वि०)*‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ सीमांत क्षेत्रों में नए विश्वास, पर्यटन और रोजगार का बनेगा माध्य...
01/06/2026

चमोली, 01 जून 2026 (सू०वि०)

*‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ सीमांत क्षेत्रों में नए विश्वास, पर्यटन और रोजगार का बनेगा माध्यम- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी*

*नीति घाटी का जागरण सीमांत स्वाभिमान की नई इबारत- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी*

*नीति घाटी में गूंजा फिट इंडिया का संदेश, ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न*

सीमांत जनपद चमोली की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित हो रहे ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित करते हुए पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संचालित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आयोजित यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में सीमांत गांवों को “देश का पहला गांव” मानते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ जैसे आयोजन उनका जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ रिवर्स माइग्रेशन को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नीति क्षेत्र में होम स्टे की संख्या 35 से बढ़कर 450 से अधिक हो चुकी है, जो इस क्षेत्र में पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि 11 हजार फीट की ऊंचाई पर आयोजित यह अल्ट्रा रन युवाओं के अदम्य साहस, ऊर्जा और आत्मविश्वास का प्रतीक बनकर उभरा है। “नीति घाटी का यह जागरण केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों के स्वाभिमान, स्वावलंबन और नए विश्वास की नई इबारत है।

उन्होनें कहा यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि उत्तराखंड की हर सीमांत घाटी तक पहुंचेगा।” मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता पर सभी आयोजकों, भारतीय सेना, आईटीबीपी तथा स्थानीय जनता को शुभकामनाएं दीं।

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस अनूठे आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ के अंतर्गत 5, 10, 21, 42 एवं 75 किलोमीटर की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मलारी गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पर्यटन सचिव श्री धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अतिथियों ने विजेताओं को पुरुष्कार धनराशि एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिताओं के प्रमुख परिणाम:

05 किलोमीटर (18 वर्ष से कम आयु वर्ग) पुरुष वर्ग में हर्षित यादव प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय एवं शिवम भुजवान तृतीय रहे। महिला वर्ग में रेखा प्रथम, भावना रावत द्वितीय एवं राधिका तृतीय स्थान पर रहीं।

05 किलोमीटर ओपन वर्ग के पुरुष वर्ग में प्रकाश भट्ट प्रथम, मोहम्मद अशरफ द्वितीय एवं मोहम्मद क्वासम तृतीय रहे। महिला वर्ग में अर्पिता सैनी प्रथम, वाई. तिमनाह द्वितीय एवं अनिता चौहान तृतीय रहीं।

10 किलोमीटर ओपन वर्ग के पुरुष वर्ग में सुरेंद्र सिंह प्रथम, मन्नू सिंह द्वितीय एवं सजन पंवार तृतीय रहे। महिला वर्ग में पूजा बिष्ट प्रथम, निशा नेगी द्वितीय एवं ईशा बर्त्वाल तृतीय रहीं।

10 किलोमीटर 60+ आयु वर्ग में दलबीर सिंह प्रथम, गोविंद कुमार राणा द्वितीय एवं सतीश चंद चौहान तृतीय रहे।

21 किलोमीटर ओपन वर्ग में लोकेश कुमार प्रथम, दीपक रावत द्वितीय एवं कुलदीप नेगी तृतीय रहे। महिला वर्ग में प्रिया प्रथम, निकिता खोलिया द्वितीय एवं आयुषी कनवाल तृतीय रहीं।

21 किलोमीटर 50+ आयु वर्ग में दीपेश जोशी प्रथम, नंदन सिंह द्वितीय एवं पवन तृतीय रहे। महिला वर्ग में अनुदा तमांग प्रथम, अंजू कुटियाल द्वितीय एवं इंदिरा दीवान तृतीय रहीं।

42 किलोमीटर ओपन वर्ग में यश राज प्रथम, सत्यम द्वितीय एवं महेंद्र सिंह बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में दिया प्रथम, अर्पिता सैनी द्वितीय एवं अंजू तृतीय रहीं।

42 किलोमीटर 40+ आयु वर्ग में सतपाल प्रथम, महेश यादव द्वितीय एवं कलम सिंह बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में मीना कंडारी प्रथम, सुष्मिता राय द्वितीय एवं शांति राय तृतीय रहीं।

42 किलोमीटर 60+ आयु वर्ग में थॉमस प्रथम, मुकेश राणा द्वितीय एवं सतीश चंद्रा तृतीय रहे।

75 किलोमीटर ओपन वर्ग में दिगंबर सिंह प्रथम, अर्जुन प्रधान द्वितीय एवं विजय सिंह तृतीय रहे। महिला वर्ग में मीनाक्षी प्रथम, मीना कुमारी सुब्बा द्वितीय एवं फलेश्वरी रजवाड़े तृतीय रहीं।

75 किलोमीटर 50+ आयु वर्ग में चरण सिंह प्रथम, किशन बढ़वार द्वितीय एवं रतन सिंह सोनल तृतीय रहे। महिला वर्ग में आशा सिंह प्रथम एवं कशीरसगरा रमसमिता द्वितीय रहीं।

75 किलोमीटर 60+ आयु वर्ग में कृष्णा तमांग प्रथम, महिपाल सिंह द्वितीय एवं शिवेंद्र सिंह बिष्ट तृतीय रहे।

इस महाआयोजन में राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक भागीदारी देखने को मिली। देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने सीमांत क्षेत्र में आयोजित इस आयोजन को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।

श्रेणीवार प्रतियोगिताओं में 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 160 प्रतिभागी, 42 किलोमीटर मैराथन में 155 प्रतिभागी, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 215 प्रतिभागी, 10 किलोमीटर शॉर्ट रन में 210 प्रतिभागी तथा 5 किलोमीटर फन रन में 260 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कुल मिलाकर 1100 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।

कल 2 जून, आयोजन के अंतिम दिन में गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

चमोली, 31 मई 2026 (सू०वि०)*मलारी गांव में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम*नीति घा...
01/06/2026

चमोली, 31 मई 2026 (सू०वि०)

*मलारी गांव में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम*

नीति घाटी के सीमांत गांव मलारी में ग्रामीणों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को वर्चुअल माध्यम से सामूहिक रूप से सुना गया।

ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री जी के संदेशों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके विचार समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही देशहित एवं जनकल्याण के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

इस अवसर पर काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

चमोली, 31 मई 2026 (सू०वि०)*सीमांत नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी*...
01/06/2026

चमोली, 31 मई 2026 (सू०वि०)

*सीमांत नीति घाटी में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य आगाज, देशभर से पहुंचे 933 प्रतिभागी*

*फिट इंडिया और सीमांत पर्यटन को नई उड़ान देने की पहल*

चमोली जनपद की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ।

पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस अनूठे आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है।

उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और द्वितीय रक्षा पंक्ति के गांव और अधिक मजबूत होंगे।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जाएगा। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 एवं 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।

इससे पूर्व शनिवार रात्रि मलारी गांव में पर्यटन विभाग द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों एवं स्थानीय लोगों ने देर रात तक उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, गृह सचिव शैलेश बगोली, सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Address

Chamoli
Chamoli
246401

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when District Magistrate Chamoli posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to District Magistrate Chamoli:

Share