13/05/2026
राष्ट्रहित में सराफा एकजुट — अब नहीं तो कभी नहीं
—————
मेरे स्वर्णकार, सोनी समाज के भाइयों और देशभर के सराफा व्यापारी साथियों,
ये समय है — अपनी आवाज़ बुलंद करने का.
PM श्री जी ने '1 साल सोना न खरीदने' की अपील कर देश को दिशा दी है। हम छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, माननीय मोदी जी के इस राष्ट्रहित के आह्वान के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। छत्तीसगढ़ सराफा 'Nation First' के साथ खड़ा है।
—————-
लेकिन सवाल ये है — क्या सिर्फ हम त्याग करें?
सरकार भी हमारी वर्षों पुरानी पीड़ा सुने:
भ्रामक प्रचार पर रोक लगे
बड़े ब्रांडेड घराने TV-अखबार में झूठे आश्वासन देकर ग्राहक को गुमराह करते हैं। "0% मेकिंग चार्ज" बोलकर 40% वसूलते हैं। छोटे सराफा की रोजी-रोटी छिन रही है। कानून बने — हर विज्ञापन में असली मेकिंग चार्ज और कुल दाम लिखना अनिवार्य हो।
राज्य में स्वर्ण शिल्प कला बोर्ड का गठन हो
छत्तीसगढ़ के 50,000 कारीगर परिवार आज भी बीमा, पेंशन, प्रशिक्षण से वंचित हैं। 'Make in India' का असली नारा तभी पूरा होगा जब हाथ का हुनर बचेगा। हर राज्य में, केंद्र में Swarn Shilp Kala Board बने।
MCX ऑनलाइन गोल्ड ट्रेडिंग तुरंत बंद हो
सट्टेबाजों ने सोने को जुए का अड्डा बना दिया। असली सराफा मर रहा है, कागज का सोना उड़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था बचानी है तो MCX पर Gold Trading पर रोक लगे।
हॉलमार्किंग की विसंगति दूर हो
6 डिजिट HUID के नाम पर भ्रष्टाचार है। छोटे शहरों में सेंटर ही नहीं। व्यापारी को चोर न समझा जाए — प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो।
अनजाने में खरीदे गए माल पर कानून का सरलीकरण हो
चोरी का सामान अनजाने में खरीदने पर व्यापारियों पर दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जांच-आधारित पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाए।
इन 5 मांगों की पूर्ति ही 1 साल के संयम से होने वाले नुकसान की भरपाई करेगी।
हम देश के साथ हैं — अब सरकार हमारा साथ दे।
“1 साल हम संयम रखेंगे — सरकार 75 वर्षों का न्याय हमें दे”
मैं छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष कमल सोनी, देश के हर सराफा संघ, स्वर्णकार समाज, सोनी समाज से अपील करता हूँ:
आज ही अपने राज्य के CM, अपने सांसद, PMO को पत्र लिखें। 7 दिन में हर जिले से ज्ञापन सौंपे जाएं।
तिजोरी में बंद सोना Growth Engine तभी बनेगा — जब सरकार हमारी भी बात सुनेगी।
“एक साल का संयम, सालों साल की समृद्धि”
— कमल सोनी
प्रदेशाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन
---