16/09/2026
17 सितम्बर को सभी जिलों में जिला स्तरीय “नमो युवा शक्ति” खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
• युवतियों की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को मिलेगा मंच
• स्व-सहायता समूह सदस्यों एवं उनके परिवार की युवतियों की रहेगी सक्रिय भागीदारी
भोपाल, 16 सितम्बर 2026 - मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों एवं उनके परिवार की Gen-Z युवतियों को खेल, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितम्बर 2026 को सभी जिलों में जिला स्तरीय “नमो युवा शक्ति” खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। मिशन की उपलब्धियों की समीक्षा व्हीसी में आज 16 सितम्बर को मुख्य कार्यपालन अधिकारी आजीविका मिशन श्री विनय निगम ने सर्व प्रथम कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिलों को विस्तृत दिशा निर्देश दिये।
“नमो युवा शक्ति” का विस्तृत स्वरूप Nari Aajeevika Mahotsav & Organised Youth Utsav for Vikas, Atmanirbharta & Shashaktikaran है। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह सदस्यों एवं उनके परिवार की युवतियों के साथ-साथ RSETI एवं DDU-GKY से प्रशिक्षित युवतियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम में ग्रामीण युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न मानसिक एवं शारीरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें यूथ मैराथन/दौड़, रस्सा-कशी, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, टीम रिले दौड़, कैरम, चेस, सुडोकू, पहेलियां, सांप-सीढ़ी, चम्मच-नींबू रेस, चेयर रेस सहित स्थानीय स्तर पर प्रचलित अन्य खेल शामिल हैं।
इसके साथ ही मिलेट, प्रोटीन, पारंपरिक व्यंजन एवं आहार विविधता पर आधारित कुकिंग प्रतियोगिता तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। युवतियां देशभक्ति एवं प्रेरणादायक गीतों तथा लोकगीत-लोकनृत्य पर आधारित संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां भी देंगी।
कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा। वहीं, आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली स्व-सहायता समूह की सदस्यों द्वारा सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय भी किया जाएगा।
युवतियों को खेल, रचनात्मकता, स्वास्थ्य, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना है उद्देश्य: विनय निगम
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय निगम का कहना है कि आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के मध्यम से महिला सशक्तीकरण के लिये काम किया जा रहा है। 17 सितंम्बर को “नमो युवा शक्ति” आयोजन के माध्यम से युवतियों को केवल खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोडने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां और युवतियां खेल, शिक्षा, कौशल, आजीविका और नेतृत्व—हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।