24/07/2025
छात्रों की समस्याओं को लेकर SFI ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान की मांग
बैजनाथ, 24 जुलाई: राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में बुनियादी सुविधाओं की कमी और शैक्षणिक समस्याओं को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की स्थानीय इकाई ने गुरुवार को प्राचार्य को एक मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इसमें प्रमुख रूप से अर्थशास्त्र और इतिहास विभागों में शिक्षकों की भारी कमी, गर्मी के मौसम में कूलरों की मरम्मत, शौचालयों की खराब सफाई व्यवस्था, दस वर्षों से अधूरी पड़ी कैंटीन का निर्माण, और बस पास के लिए स्थायी काउंटर की स्थापना शामिल हैं।
SFI इकाई अध्यक्ष राज ने बताया कि अर्थशास्त्र विभाग में शिक्षक का पद लंबे समय से रिक्त पड़ा है, वहीं इतिहास विभाग में मात्र एक सहायक प्रोफेसर ही स्नातक और परास्नातक दोनों कक्षाओं को पढ़ा रहे हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा, "वर्ष 2016 में कॉलेज कैंटीन का शिलान्यास हुआ था, लेकिन 2025 तक भी निर्माण कार्य अधूरा है। ऐसे में छात्रों को स्वच्छ और किफायती भोजन नहीं मिल पा रहा है।"
SFI ने शौचालयों की नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन सुनिश्चित करने की भी मांग की है, क्योंकि वर्तमान में उनकी हालत बेहद दयनीय बताई जा रही है।
इसके अतिरिक्त संगठन ने कॉलेज परिसर में ही बस पास बनवाने के लिए स्थायी काउंटर स्थापित करने की भी मांग की है, जिससे छात्रों को बार-बार इधर-उधर भटकना न पड़े।
अध्यक्ष राज ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इन बुनियादी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो SFI लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन छात्रों के हक की लड़ाई आगे भी इसी प्रकार जारी रखेगा।