22/02/2026
प्रेस नोट
दिनांक: 22 फरवरी 2026
चौधरी हरद्वारी लाल राजकीय महाविद्यालय, छारा में प्रचार्या डॉ सविता पुनिया के दिशानिर्देशन में आयोजित 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर के तीसरे दिन का आयोजन जागरूकता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई, जिसमें योगाचार्य जगदीश कुमार सेहवाग, राजधानी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यानाभ्यास करवाया गया। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मसंयम और सकारात्मक सोच को भी विकसित करता है, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य व्याख्यान सत्र में सुमित मलिक, स्वामी नित्यानंद इंस्टिट्यूट, रोहतक से “नशा मुक्त भारत: योगा और मेडिटेशन की भूमिका” विषय पर संबोधित करने के लिए आमंत्रित किए गए। महाविद्यालय पहुँचने पर NSS प्रोग्राम ऑफिसर डॉ ललिता द्वारा उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में श्री सुमित मलिक ने नशे के दुष्प्रभावों—जैसे शारीरिक रोग, मानसिक तनाव, पारिवारिक विघटन एवं सामाजिक अपराध—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि नशा व्यक्ति की इच्छाशक्ति को कमजोर करता है और उसके भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने मेडिटेशन का अभ्यास करवाते हुए बताया कि नियमित ध्यान से आत्मनियंत्रण, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है, जिससे व्यक्ति नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकता है। उन्होंने युवाओं से “नशा मुक्त भारत” अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
दोपहर बाद के सत्र में विश्वजीत शर्मा, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) से आमंत्रित किए गए। उन्होंने “साइबर फ्रॉड, निवेश जागरूकता एवं बढ़ते साइबर खतरों” विषय पर व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं, फिशिंग, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया स्कैम से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने सुरक्षित निवेश के उपाय, अधिकृत प्लेटफॉर्म का उपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा के मूलभूत नियमों के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समाज में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। NSS शिविर में आज श्रीमती मंजू मलिक, डॉ मनोज कुमार, श्री लोकेश ने सिरकत की और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भूमिका अदा की।