16/01/2026
अम्बाह में अतिक्रमण पर चला नगर पालिका का बुलडोज़र, अवैध निर्माण हटाए गए
अम्बाह— नगर में यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका अम्बाह द्वारा अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई भूमिया रोड एवं तालाब रोड बस्ती क्षेत्र में की गई, जहां सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, भूमिया रोड पर सुनारी आदिवासी को शासन द्वारा प्रदत्त आवास के बाहर सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया। वहीं तालाब रोड बस्ती में रमेश पुत्र सियाराम ओझा, इदरीश खान एवं पातीराम ओझा द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी नगर पालिका दल ने हटाया।
पूरी कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री शारिब कौशर के निर्देशन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अतिक्रमण हटाने के दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी आकाश दुबे, रवि शर्मा, आलोक तोमर, सुमित राठौर, रोहित सिंह, प्रदीप तोमर, नागेन्र्द सिहं शिवम शर्मा एवं दीपक शर्मा मौके पर उपस्थित रहे।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा नियमों का पालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
#अम्बाह