28/06/2024
आप सभी को यह सर्व विदित है कि हम वर्तमान समय में एक असहनीय भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक वेव के दौर से गुजर रहे हैं। इसका मुख्य कारण लगातार कट रहे पेड़ तथा पेड़ों को उगाने हेतु उपलब्ध भूमि को पक्का कर सीमेंट कांक्रीट में तब्दील कर दिया जाना है। इतना ही नहीं, वन क्षेत्रों में हो रही माइनिंग और भूमिगत जलस्तर का निरंतर गिरना भी इसके कारण हैं।
हमारे पर्यावरण और धरती माता की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। वृक्ष न केवल हमारे वातावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाते हैं, बल्कि वे हमारे जीवन के लिए प्राण रक्षक हैं तथा आवश्यक ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं। इसके अतिरिक्त, वृक्ष भू और जल संरक्षण में सहायक होते हैं, और वन्य प्राणी एवं जीव-जंतुओं के लिए प्राकृतिक आवास प्रदान करते हैं।
हम आप सभी से अपील करते हैं कि आप अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण में सहयोग करें। अपने घरों के बाहर, घरों के अंदर उपलब्ध स्थानों, आपके मोहल्लों, कॉलोनियों में उपलब्ध सार्वजनिक स्थानों की भूमि, कार्यालयों और सामुदायिक क्षेत्रों में वृक्षारोपण करके अपने पर्यावरण को बेहतर बना सकते हैं। इसके अलावा, वन विभाग और उद्यान विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण अभियानों में भी सक्रिय रूप से भाग लें और दूसरों को भी प्रोत्साहित करें।
वन विभाग से भी हमारी विनम्र अपील है कि वे वृक्षारोपण अभियानों को अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए प्रयासरत रहें, तथा जन भागीदारी से पौधारोपण करवाकर उनकी देखभाल करने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाएं और उन्हें अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित करें।
हमारा छोटा-सा प्रयास एक बड़ा बदलाव ला सकता है। आइए, हम सब मिलकर अपनी धरती को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाएं।